आगरा, 17 जून। फतेहाबाद रोड स्थित ताज एन्क्लेव सोसाइटी में सार्वजनिक पार्क भूमि को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सोसाइटी के निवासियों ने कब्जे का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री, पुलिस आयुक्त, जिलाधिकारी एवं आगरा विकास प्राधिकरण से हस्तक्षेप कर पार्क की भूमि को बचाने की मांग की है।
निवासियों ने संयुक्त हस्ताक्षरों से भेजी शिकायत में आरोप लगाया कि ताज एन्क्लेव सोसाइटी, खसरा संख्या 170, मौजा बसई, होटल जेपी पैलेस के सामने, को राजगृह सहकारी आवास समिति लि. द्वारा विकसित किया गया था। वर्ष 2001 से विवादित भूमि सोसाइटी के पार्क/गार्डन के रूप में अस्तित्व में है और पंजीकृत रजिस्ट्रियों में पार्क का उल्लेख एवं लेआउट उपलब्ध है। कई भूखंड “पार्क फेसिंग” बताकर अतिरिक्त मूल्य लेकर बेचे गए थे।
निवासियों का आरोप है कि उक्त पार्क भूमि का विकास जैन द्वारा मुजाहिद अनीस के पक्ष में हस्तांतरण किया गया है। निवासियों का कहना है कि सार्वजनिक पार्क एवं सामुदायिक सुविधाओं की भूमि का निजीकरण सैकड़ों परिवारों के साथ अन्याय है। उनका आरोप है कि आपत्ति करने वाले निवासियों पर दबाव बनाया जा रहा है तथा उन्हें विवाद से दूर रहने के लिए कहा जा रहा है। इससे पूरे क्षेत्र में भय एवं तनाव का वातावरण व्याप्त है।
Get an exciting opportunity by clicking this advertisement 
निवासियों ने दावा किया है कि उनके पास ऑडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध हैं, जिनसे प्रभावशाली व्यक्तियों के कथित संरक्षण की जांच आवश्यक हो जाती है। निवासियों ने प्रशासन से मांग की कि मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए।
सोसाइटीवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि विवादित भूमि पर किसी प्रकार का निर्माण, बाउंड्री अथवा कब्जे का प्रयास हुआ तो क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। निवासियों ने प्रशासन से तत्काल यथास्थिति लागू करने तथा किसी भी प्रकार की भौतिक स्थिति बदलने पर रोक लगाने की मांग की है। इस मामले में कालोनाइजर की ओर से अभी कोई स्पष्टीकरण नहीं मिला है।
________________________________________