नींद की झपकी आने से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर रात से सुबह तक तीन एक्सीडेंट
आगरा, 18 जून। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हादसों का एक बड़ा कारण वाहन चालकों को नींद की झपकी आना भी बन रहा है। विगत रात्रि से आज सुबह तक इस मार्ग पर तीन अलग-अलग हादसे हुए। मीडिया रिपोर्ट में तीनों हादसों का कारण वाहन चालकों को नींद की झपकी आना बताया गया। इन हादसों में बस यात्रियों सहित कई लोग घायल हो गए।
खबरों के अनुसार, पहली दुर्घटना रात्रि लगभग सवा बारह बजे फतेहाबाद के निकट 36+500 किलोमीटर स्टोन के निकट हुई, जब आगरा की ओर आ रही एक हुंडई कार अनियंत्रित होकर मध्य डिवाइडर की पुलिया से टकरा गई। हादसे में कार चालक दिनेश सहित पांच लोग घायल हो गए।
दूसरा हादसा तड़के करीब 3:10 बजे किलोमीटर 17+500 किमी स्टोन के निकट हुआ। यहां एक खराब होकर खड़ी बस में पीछे से एक पिकअप वाहन घुस गया। पिकअप चालक प्रवीण कुमार को नींद की झपकी आने से यह दुर्घटना हुई, जिसमें चालक प्रवीण घायल हो गया।
तीसरी सड़क दुर्घटना गुरुवार की सुबह लगभग छह बजे 28+900 किमी स्टोन के निकट हुई। यहां सीतामढ़ी से जयपुर जा रही बस और गोरखपुर से दिल्ली जा रही बस के बीच टक्कर हो गई। पीछे चल रही बस के चालक को नींद की झपकी आने के कारण हादसा हुआ। इस भिड़ंत में चालक सहित सात यात्री घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अन्य बसों से गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
यूपीडा अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि तुरंत बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था। सभी घायलों को सहायता प्रदान की गई और यातायात को सामान्य कर दिया गया।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments