98.625 किलो चांदी हड़पी! वापस मांगने पर बच्चों के अपहरण और परिवार खत्म करने की धमकी, कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की तफ्तीश

आगरा, 17 जून। कोतवाली क्षेत्र में एक चांदी व्यापारी ने दूसरे कारोबारी पर करीब 48.73 लाख रुपये की चांदी लेकर भुगतान न करने और रकम मांगने पर बच्चों के अपहरण तथा पूरे परिवार की हत्या कराने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, नमक की मंडी स्थित रोशन लाल प्लाजा में चांदी का कारोबार करने वाले व्यापारी श्याम गुप्ता का कहना है कि नाला पीपल मंडी निवासी कुशल गुप्ता के साथ उनके लंबे समय से व्यावसायिक संबंध थे। भरोसे के चलते मई 2025 में आरोपी को बड़ी मात्रा में चांदी सप्लाई की गई थी। उसी विश्वास का फायदा उठाकर लाखों रुपये का माल लेने के बाद भुगतान रोक लिया गया। मई 2025 में दो अलग-अलग बिलों के माध्यम से कुल 98.625 किलोग्राम चांदी आरोपी को दी गई थी। उस समय बाजार मूल्य के अनुसार इस माल की कुल कीमत 48 लाख, 73 हजार 470 रुपये थी। 
Get an exciting opportunity by clicking this advertisement 
आरोप है कि माल प्राप्त होने के बाद शुरुआत में भुगतान का आश्वासन दिया गया, लेकिन बाद में रकम लौटाने में टालमटोल शुरू कर दी। कई बार भुगतान मांगने के बावजूद राशि अदा नहीं की गई। बहाने बनाए गए और कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। 
पीड़ित व्यापारी ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि भुगतान मांगने पर आरोपी ने खुलेआम धमकी दी कि यदि दोबारा रुपये मांगे गए तो बच्चों का अपहरण करवा दिया जाएगा और पूरे परिवार को खत्म करवा दिया जाएगा। व्यापारी का कहना है कि इस धमकी के बाद उनका परिवार लगातार भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहा है। 
कोतवाली पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से जुड़े दस्तावेजों, बिलों, लेन-देन के रिकॉर्ड तथा अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई होगी।
______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments