आगरा की दीप्ति शर्मा ने चटकाए पांच विकेट, महिला टी20 विश्व कप में भारत की पाकिस्तान पर 64 रन से जीत
नई दिल्ली, 14 जून। दीप्ति शर्मा की घातक गेंदबाजी की बदौलत भारतीय क्रिकेट टीम ने आईसीसी वुमेन्स क्रिकेट टी 20 विश्व कप में रविवार को पाकिस्तान को 64 रन से हरा दिया। भारत की इस जीत में एक बार फिर आगरा की दीप्ति शर्मा का प्रमुख योगदान रहा। इंग्लैंड के बर्मिंघम में खेले गए इस मैच में दीप्ति ने चार ओवर में मात्र दस रन देकर पांच विकेट लिए और पाकिस्तान की सलामी बल्लेबाज मुनीबा अली को डायरेक्ट हिट के साथ रन आउट भी किया। श्रीचरणी को भी तीन विकेट मिले।
भारत से मिले 171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम 106 रन पर आलआउट हो गई। अपने चौथे ओवर में ही दीप्ति शर्मा ने तीन विकेट लेकर पाकिस्तान की पूरी टीम समाप्त कर दी।
भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पारी की पहली गेंद पर ही शैफाली वर्मा ने छक्का मार दिया। हालांकि इसी ओवर की पांचवी गेंद पर वह आउट हो गईं। 18 रन के स्कोर पर जेमिमा भी एक रन बनाकर आउट हो गईं, लेकिन स्मृति मंधाना ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने हरमनप्रीत कौर के साथ 91 रन की साझेदारी की। स्मृति मंधाना ने 68 रन और हरमनप्रीत कौर ने 36 रन की पारी खेली। रिचा घोष ने 17 गेंदों पर ताबड़तोड़ 34 रन बनाए और भारत का स्कोर 20 ओवर में छह विकेट पर 170 रन तक पहुंचाया।
____________________________________

Post a Comment
0 Comments