बीच बाजार थार पर हमला, तोड़फोड़, बच कर भागे कार सवार
आगरा, 15 जून। थाना बाह क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर कुछ लोगों ने विगत देर रात थार कार में सवार युवकों पर हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और हथियारों से कार में तोड़फोड़ और फायरिंग की। कार सवार किसी तरह जान बचाकर वहां से निकले और पुलिस को सूचना दी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बिजौली निवासी शीलू पचौरी ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात करीब 10:30 बजे वह अपने साथी लाल सिंह और नरेंद्र के साथ बाह के सदर बाजार से गुजर रहे थे। आरोप है कि पुराने विवाद के चलते कुछ स्थानीय लोग अपने परिवार के साथ उनकी गाड़ी के सामने आ गए और लाठी-डंडों व लोहे के सरियों से थार में तोड़फोड़ शुरू कर दी। शीलू के अनुसार, हमलावरों ने फायरिंग भी की। किसी तरह वह और उनके साथी मौके से जान बचाकर निकल सके।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रभारी निरीक्षक डीपी तिवारी के मुताबिक प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद सामने आया है। बाजार क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
___________________________________

Post a Comment
0 Comments