दीप्ति शर्मा ने फिर लिया प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद
आगरा, 07 मई। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की प्रमुख ऑलराउंडर ताजनगरी निवासी दीप्ति शर्मा ने वृंदावन में प्रेमानंद महाराज से मुलाकात कर आशीर्वाद मांगा। प्रेमानंद महाराज ने उन्हें अच्छी प्रैक्टिस पर ध्यान केंद्रित करने का गुरुमंत्र दिया। दीप्ति अगले महीने होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप की तैयारी कर रही हैं।
प्रेमानंद महाराज ने दीप्ति से कहाकि हम आशीर्वाद देने लायक नहीं है। प्रार्थना करने लायक हैं, प्रार्थना सबसे की जा सकती है। हम किसी के आशीर्वाद के मोहताज न बनें। अपने अभ्यास और संयम के द्वारा विजयश्री प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि किसी का आशीर्वाद और श्राप हमारे मार्ग में कोई बाधा नहीं डाल सकता। हमारे मार्ग में हमारा अभ्यास, हमारी एकाग्रता और उल्लास ही सहयोगी होगा। जिस खेल में लगो जी-जान से उसका अभ्यास करना है। विषय का त्याग करो, गंदी बातों का त्याग करो। उन्नति होती जायेगी।
प्रेमानंद महाराज ने कहा कि कोई खिलाड़ी जीतता है तो खिलाड़ी का नाम पीछे होता है, पहले होता है भारत। जीतते आप हो, खुश पूरे भारतवासी होते हैं। इसलिए अपने अभ्यास को बढ़ाइए और भगवान की कृपा से अपने लक्ष्य को भेदिए।
दीप्ति शर्मा वर्ष 2025 में महिला वर्ल्ड कप जीतने पहले भी प्रेमानंद महाराज की शरण में गई थीं। दीप्ति ने वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन किया था। इसके चलते वह प्लेयर ऑफ टूर्नामेंट भी बनी थीं।
__________________________________
Post a Comment
0 Comments