सपा युवजन सभा का पूर्व महानगर अध्यक्ष साथी समेत गिरफ्तार, करोड़ों की जमीन पर कब्जा करने और तीन करोड़ की रंगदारी मांगने का आरोप

आगरा, 29 मई। थाना एकता पुलिस ने करोड़ों रुपये की जमीन पर धोखाधड़ी से कब्जा करने और पीड़ित से तीन करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में समाजवादी पार्टी के नेता एवं युवजन सभा के पूर्व महानगर अध्यक्ष विवेक यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके साथी आरोपी दिनेश सिंह तोमर को भी पकड़ा है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों ने पीड़ित के पिता की नशे की लत को अपना हथियार बनाया और पूरी साजिश को अंजाम दिया। थाना एकता पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित ने आरोप लगाया कि सपा नेता विवेक यादव ने अपने साथियों दिनेश सिंह तोमर, राम सनेही, बालकृष्ण शर्मा, जितेंद्र सिंह, रॉकी यादव और योगेश तोमर के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से जमीन कब्जाने का षड्यंत्र रचा। आरोप है कि सभी को यह जानकारी थी कि पीड़ित के पिता अक्सर नशे की हालत में रहते हैं। इसी का फायदा उठाकर आरोपियों ने उनसे करोड़ों रुपये कीमत वाली जमीन का इकरारनामा लिखवा लिया। भरोसा दिलाने के लिए उन्हें फर्जी चेक भी थमा दिए गए, ताकि पूरा सौदा असली लगे और बाद में कब्जा मजबूत किया जा सके।
जब पीड़ित को इस पूरे खेल की भनक लगी तो उसने आरोपियों से संपर्क कर विरोध जताया। इस पर आरोपियों ने दबंगई शुरू कर दी और जमीन छोड़ने से साफ इनकार कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर उसे धमकियां दी गईं और कब्जा हटाने के बदले तीन करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। 
Get an exciting opportunity by clicking this advertisement 
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और तकनीकी व अन्य साक्ष्य जुटाए। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपी विवेक यादव को गुतला पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके साथी दिनेश सिंह तोमर को थाना बमरौली कटारा क्षेत्र के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए, जिनकी जांच की जा रही है।
इस मामले में नामजद पांच अन्य आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। फरार आरोपियों में राम सनेही, बालकृष्ण शर्मा, जितेंद्र सिंह, रॉकी यादव और योगेश तोमर बताए गए हैं। आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments