डॉ अम्बेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिलने पर ग्रामीणों में आक्रोश, प्रशासन ने कार्रवाई का आश्वासन देकर खुलवाया हाईवे से जाम
आगरा, 29 मई। थाना किरावली क्षेत्र के कौरई गांव में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त अवस्था में मिलने से शुक्रवार को स्थानीय ग्रामीणों और बहुजन समाज पार्टी, भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। नाराज लोगों ने जमकर नारेबाजी की। उनका आरोप है कि यह किसी शरारत या जानबूझकर माहौल बिगाड़ने की साजिश का हिस्सा है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सत्यवीर सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को शांत करने का प्रयास किया।
बाद में अपर पुलिस उपायुक्त हिमांशु गौरव ने जानकारी दी कि स्थानीय नागरिकों के सहयोग से खंडित प्रतिमा को हटवाकर नई प्रतिमा स्थापित करा दी गई है। मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था सामान्य है। प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है तथा प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वाले अराजक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
इससे पहले ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इसी स्थान पर कुछ समय पहले भी बाबा साहेब की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया गया था। उनका कहना था कि उस समय प्रशासन द्वारा बरती गई लापरवाही के कारण ही अराजक तत्वों के हौसले बुलंद हुए और उन्होंने दोबारा इस कृत्य को अंजाम दिया। बढ़ते तनाव को देखते हुए एडिशनल डीसीपी (क्राइम) हिमांशु गौरव, एसीपी अछनेरा शैलेंद्र सिंह और किरावली थाना प्रभारी सत्यवीर सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों को सूझबूझ से समझाया और उचित कानूनी कार्रवाई का भरोसा देकर हाईवे से जाम हटवाया।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments