अपना दुग्ध दान करने वाली माताओं को मिला "माँ यशोदा गौरव" सम्मान
आगरा, 27 मई। खतैना रोड, प्रताप नगर पर संचालित गर्भाधान संस्कार एवं मेटरनिटी होम में नवजातों की जीवन-रक्षा के लिए अपना दुग्ध दान करने वाली माताओं को बुधवार को "माँ यशोदा गौरव" सम्मान प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि कथा वाचक नीरज नयन ने इस अवसर पर कहा कि मातृ दुग्ध बैंक पीड़ा को परोपकार में बदलने का काम कर रही है। मातृ दुग्ध प्रदान करने की यह सेवा अलौकिक, अतुलनीय और प्रशंसनीय है। सेवा से अंतःकरण पवित्र होता है और पवित्र अंतःकरण में भगवान का दर्शन होता है। उन्होंने दुग्ध दान करने वाली माँओं- प्रीति, रितु, दीपिका, शमा, शालू, प्रियंका और अनु तथा इस कार्य में सहयोग करने वाली एसएन मेडिकल कॉलेज की डॉ. रुचिका बैनेट और नर्सिंग ऑफिसर एडना के साथ-साथ समाजसेवी नितिन अग्रवाल और सुलेखा अग्रवाल को सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए रमेश चंद्र अग्रवाल ने दिव्य संतान प्राप्त करने के लिए गर्भाधान संस्कार का महत्व बताया। चंद्रभान साबुन वाला सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने बताया कि मातृ दुग्ध बैंक द्वारा अत्यंत अल्प समय में अपनी सार्थकता सिद्ध करते हुए 49 माताओं के सहयोग से लगभग 2610 मिलीलीटर मातृ दुग्ध संग्रह किया गया। 14 नवजात शिशुओं को 1090 मिली जीवनदाई अमृत किया प्रदान किया गया।
महामंत्री मनोज अग्रवाल राजीव जैन, राजकुमार गर्ग, नरेंद्र कुमार अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सीए अंकुर अग्रवाल, पारुल जैन, निधि अग्रवाल, एचके बंसल, राकेश गर्ग, अशोक गोयल, श्वेता गर्ग और डॉ. सुवर्णा सिंह ने व्यवस्थाएँ संँभालीं।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments