तीस नवम्बर तक हैंडओवर हो जाएगा खेरिया हवाई अड्डे का सिविल टर्मिनल, डीएम ने किया निरीक्षण
आगरा, 28 मई। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने गुरुवार को खेरिया हवाई अड्डे के निर्माणाधीन सिविल टर्मिनल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मुख्य भवन तथा प्रोजेक्ट के ले-आउट प्लान को देखा तथा कार्य प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया।
महाप्रबंधक (अभि.)/ प्रोजेक्ट प्रभारी ने न्यू सिविल एन्क्लेव का विवरण एवं निर्माण कार्य प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया, निरीक्षण में बताया गया कि बाउंड्री का कार्य पूर्ण है। रन-वे का कार्य अंतिम चरण में है, जल्द ही पूर्ण हो जाएगा।
निरीक्षण में बताया गया कि प्रोजेक्ट की 65 प्रतिशत भौतिक प्रगति पूर्ण है, जिसमें बेसमेंट का कार्य समयसाध्य रहा। अब कार्य तेजी से संपादित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 30 नवंबर तक पूर्ण कर हैंडओवर कर दिया जाएगा। धनराशि 441.79 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन, आगरा सिविल एयरपोर्ट का प्रोजेक्ट एरिया 144.07 एकड़ में विस्तृत है, जिसमें 33845 स्क्वायर मीटर में टर्मिनल बिल्डिंग, 400 वाहनों की क्षमतायुक्त 16810 स्क्वायर मीटर स्थान में मल्टीलेवल पार्किंग, 200 कार की क्षमतायुक्त सर्फेस पार्किंग, 2379 स्क्वायर मीटर में यूटिलिटी ब्लॉक, 19 चैक इन काउंटर, 12 ई- चैक इन काउंटर, 06 सिक्योरिटी काउंटर, 03 फुल बॉडी स्कैनर, 03 एरो ब्रिज, 06 एस्केलेटर, 12 एलिवेटर्स, 33 इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन, 500 किलोवॉट क्षमता का सोलर पॉवर प्लांट, 22 डिजी यात्रा डिवाइसेज, ग्राउंड वाटर रिचार्ज सिस्टम, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट प्रस्तावित हैं। टर्मिनल भवन से एयरक्राफ्ट में सीधे प्रवेश हेतु यात्री बोर्डिंग सुविधा भी होगी।
जिलाधिकारी ने सिविल टर्मिनल के अंदर आ रहे 06 वृक्षों को हटाए जाने हेतु वन विभाग द्वारा प्रभावी कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने प्रोजेक्ट निर्माण में श्रमिकों की संख्या आदि की जानकारी ली तथा कॉन्ट्रैक्टर को तलब कर निर्माण श्रमिकों संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए जिससे कि समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण किया जा सके। जिलाधिकारी ने प्रोजेक्ट की कार्य प्रगति पर संतुष्टि जताई और प्रोजेक्ट को समयबद्ध रूप से 30 नवंबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने नवीन एयरपोर्ट निर्माण स्थल बाउंड्री के अंदर से धनौली व अन्य गांव को जाने वाले मार्ग का भी निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों हेतु संपर्क मार्ग जल्द तैयार करने के निर्देश दिए. जिससे कि एयरपोर्ट के आस-पास के क्षेत्र का सर्वांगीण विकास हो सके।
जिलाधिकारी ने मौके पर एडीए के अधिकारियों को तलब किया तथा खेरिया मोड़ से सिविल टर्मिनल तक रोड के विकास, सौन्दर्गीकरण की कार्य-योजना के बारे में जानकारी ली तथा शीघ्र प्रपोजल तैयार कर प्रेषण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सिविल टर्मिनल की सामान्य दिनों व बरसात के मौसम में जल निकासी हेतु एसटीपी तथा ड्रेनेज की व्यवस्था आदि की जानकारी ली तथा संबंधित को दिशा निर्देश दिए उन्होंने समन्वय व कार्य में तेजी लाने सिविल टर्मिनल हेतु अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थापना कार्य के लिए एडीए, पीडब्ल्यूडी, वन विभाग, नगर निगम सेतु निगम, एयरपोर्ट अथॉरिटी, सिंचाई आदि अन्य विभागों के साथ बैठक आहूत करने के निर्देश दिए जिससे कि प्रस्तावित कार्यों में तेजी लाई जा सके।
______________________________________

Post a Comment
0 Comments