पारस पर्ल्स की निर्माणाधीन साइट पर लिफ्ट में करंट से मजदूर की मौत
आगरा, 28 मई। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र स्थित आवास विकास सेक्टर-12 की ‘पारस पर्ल्स’ बिल्डिंग में गुरुवार को निर्माणाधीन साइट पर काम कर रहे एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आशंका है कि खराब लिफ्ट में करंट उतरने से मजदूर उसकी चपेट में आ गया। घटना के बाद साइट का मालिक और सुपरवाइजर मौके से गायब हो गए, जिससे मजदूरों और परिजनों में आक्रोश फैल गया।
मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ निवासी पर्बत के रूप में हुई। मृतक का भाई बृजेंद्र उसी साइट पर मिस्त्री का काम करता है। उसने सुपरवाइजर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया और बताया कि नीचे प्लास्टर का काम चल रहा था और लिफ्ट में तकनीकी दिक्कत पहले से थी।
बृजेंद्र के मुताबिक, “मैंने सुपरवाइजर से कहा था कि लिफ्ट खराब है और उसमें करंट आने का खतरा है। मैंने दो लोगों को साथ भेजने की बात कही थी, लेकिन उसने मेरी एक नहीं सुनी। उसने जबरन मेरे भाई पर्बत को अकेले ऊपर भेज दिया।”
परिजनों के अनुसार, जैसे ही पर्बत लिफ्ट से ऊपर पहुंचा, अचानक बिजली का फाल्ट हुआ और वह करंट की चपेट में आ गया। अकेले होने के कारण काफी देर तक किसी को हादसे की जानकारी नहीं मिल सकी। करीब 5 से 10 मिनट बाद वहां मौजूद अन्य मजदूरों की नजर लिफ्ट पर पड़ी तो अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर नीचे काम कर रहे मजदूर ऊपर पहुंचे और पर्बत को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद बिल्डिंग का मालिक और उसका बेटा अस्पताल पहुंचे थे। लेकिन जैसे ही उन्हें पर्बत की मौत की जानकारी मिली, दोनों कानूनी कार्रवाई के डर से वहां से चुपचाप फरार हो गए। घटना के बाद मजदूरों में भारी रोष है। उनका कहना है कि साइट पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी और खराब मशीनों के बावजूद काम कराया जा रहा था।
सूचना मिलने पर थाना जगदीशपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा होगा। फिलहाल परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
________________________________________

Post a Comment
0 Comments