हिमानी बुंदेला ने दिया संघर्ष और सफलता का संदेश,बिना संगीत सुने बच्चों ने दी शानदार नृत्य प्रस्तुतियां
आगरा, 26 मई। कौन बनेगा करोड़पति में जीत कर प्रसिद्ध हुई शहर की दृष्टिबाधित शिक्षिका हिमानी बुंदेला का कहना है कि हम सभी एक समान हैं। जीतने वाला व्यक्ति अलग नहीं होता, बल्कि उसका कार्य करने का तरीका अलग होता है। यदि जीवन में कुछ सीखने का अवसर मिले तो उसे कभी नहीं छोड़ना चाहिए।
हिमानी बुंदेला मंगलवार को संजय प्लेस स्थित एक होटल में आयोजित वर्षगांठ कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने प्रेरणादायी पंक्तियां सुनाईं- “मुश्किलों से भाग जाना आसान होता है, हर पहलू जिंदगी का इम्तिहान होता है, डरने वालों को कुछ नहीं मिलता जिंदगी में, लड़ने वालों के कदमों में सारा जहां होता है।”
कार्यक्रम में मूक-बधिर बच्चों ने अपनी प्रतिभा से सभी का मन मोह लिया। यशी, भूमि और विनायक ने बिना संगीत सुने सांस्कृतिक एवं देशभक्ति गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए। आगरा डेफ इनेबल सोसायटी की अध्यक्ष ललिता गुप्ता ने सूत्रधार की भूमिका निभाई।
विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं और गतिविधियों के बीच केक कटिंग भी की गई। चुन्नीलाल जूनियर सेकेंडरी हायर स्कूल के बच्चों ने भी रंगारंग प्रस्तुतियां दीं।
समारोह में ब्रेन हेमरेज से दिव्यांग हुए रंजीत को अशोक ग्रुप की ओर से व्हीलचेयर भेंट की गई। संचालन अभय श्रीवास्तव ने किया।
इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. रंजना बंसल, हिमानी बुंदेला, अमित कुमार मेहता, ललिता गुप्ता, सचिव रश्मि तथा हरजीत कौर ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। होटल स्टाफ द्वारा गणेश वंदना प्रस्तुत की गई।समापन सामूहिक रूप से “हम होंगे कामयाब” गीत गाकर किया गया।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments