बर्थ डे पार्टी में पड़ोसियों ने हमला बोला, सात के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज
आगरा, 31 मई। बर्थ डे पार्टी में रंग में भंग डालने और लाठी डंडों से हमला करने के आरोप में थाना सिकंदरा में सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक नामजदों ने बर्थ डे पार्टी में पहुंचकर लाठी-डंडों से हमला किया। दर्ज मुकदमे में कहा गया कि शनिवार को सिकंदरा के रहने वाले संजय चौधरी की बेटी का जन्मदिन था। घर के बाहर टेंट लगाकर समारोह आयोजित किया जा रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले राहुल, रिक्की, अंकित, पीयूष, अतुल और गुड्डू साथियों के साथ वहां पहुंचे और लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना की सूचना 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी वहां से फरार हो गए।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस के जाने के कुछ देर बाद आरोपी दोबारा लौट आए और घर में घुसकर फिर मारपीट की। इस दौरान घर का सामान और एक वाहन भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। कई लोगों को चोटें आई हैं। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर सिकंदरा थाने में सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इस घटना का वीडियो भी वायरल हुआ। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments