डॉ. गौतम जर्मन होम्यो पेनल्टी शूट आउट से फाइनल में, रॉयल एनफील्ड से होगा मुकाबला

आगरा, 29 मई। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेली जा रही ‘मास्टर हॉकी फ्यूजन प्रीमियर लीग’ में गुरुवार की रात्रि डॉ. गौतम जर्मन होम्यो मेडी सेंटर और आगरा रॉयल एनफील्ड ने जीत दर्ज कर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। 
पहला सेमीफाइनल मुकाबला डॉ. गौतम जर्मन होम्यो मेडी सेंटर और शारदा शार्क के बीच खेला गया। बीच-बीच में बारिश ने खेल में व्यवधान डाला, लेकिन खिलाड़ियों का जोश कम नहीं हुआ। मैच के अंतिम क्वार्टर तक शारदा शार्क की टीम 4-3 से बढ़त बनाए हुए थी और जीत के बेहद करीब दिखाई दे रही थी। लेकिन अंतिम क्षणों में डॉ. गौतम जर्मन होम्यो मेडी सेंटर की टीम ने शानदार संयम दिखाते हुए बराबरी का गोल दाग दिया और मुकाबला 4-4 की बराबरी पर समाप्त हुआ। शारदा शार्क की ओर से अनुराग ने दो, कुणाल और अभिषेक ने एक-एक गोल दागा। डॉ. गौतम टीम के लिए अनुज ने दो, मोहित और दिनेश ने एक-एक गोल किया। निर्धारित समय तक स्कोर बराबर रहने के बाद मैच का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ। शूटआउट में डॉ. गौतम जर्मन होम्यो मेडी सेंटर के दिनेश, अनुज, मोहित और नवल ने गोल कर अपनी टीम को 4-2 से जीत दिला दी।
Get an exciting opportunity by clicking this advertisement 
दूसरा सेमीफाइनल आगरा रॉयल एनफील्ड और बंसल एस टैग यूनिफॉर्म के बीच खेला गया। शुरुआती तीन क्वार्टर तक किसी भी टीम को गोल करने का मौका नहीं मिला। चौथे क्वार्टर में आगरा रॉयल एनफील्ड की टीम ने कुछ ही मिनटों में एक के बाद एक चार गोल दागकर मुकाबले को एकतरफा बना दिया। प्रभदीप सिंह, दिलीप शर्मा, गुलफान और धीरज मदान ने एक-एक गोल कर टीम को 4-0 की शानदार जीत दिलाई। 
सेमीफाइनल से पहले पूल बी में भी बेहद रोमांचक स्थिति देखने को मिली। शारदा शार्क और आगरा रॉयल एनफील्ड दोनों टीमों के अंक और गोल बराबर होने के कारण पूल टॉपर का फैसला पेनल्टी शूटआउट से किया गया। इस रोमांचक शूटआउट में आगरा रॉयल एनफील्ड ने 5-4 से जीत दर्ज कर पूल में पहला स्थान हासिल किया।
मैचों का संचालन राजीव सोई, गौरव शर्मा, शकील खान, अजय सिंह राजपूत, चौधरी, एम डी अहमद खान एवं गुरप्रीत सिंह द्वारा किया गया। एचडीएफसी बैंक से अभिषेक कौशल, मनीष मिश्रा, नरेश बोध, अवनी योगेश अग्रवाल, राहुल बंसल, धर्मेंद्र बघेल, अमिताभ गौतम, के पी सिंह यादव, शाहिद अंसारी, बंटी यादव, मोइन खान, धीरज मदान, गोपाल भगत, अमरजीत सिंह, दिलीप शर्मा और खलील उपस्थित रहे।
_________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments