हादसा: लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर टायर फटने से कई बार पलटी तेज रफ्तार कार, सात माह की बच्ची की मौत, माता-पिता घायल
आगरा, 28 मई। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर थाना फतेहाबाद क्षेत्र में गुरुवार की दोपहर टायर फटने से एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और कई बार पलट गई। इस हादसे में सात माह की मासूम बच्ची की मौत हो गई और उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मैनपुरी निवासी निशांत वशिष्ठ अपनी पत्नी वैष्णवी, सात माह की बेटी यति और एक अन्य युवती के साथ कार से दिल्ली जा रहे थे। उनकी कार आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर थाना फतेहाबाद क्षेत्र में 22.500 माइल स्टोन के पास पहुंची ही थी कि अचानक कार का अगला टायर फट गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी। टायर फटते ही चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार डिवाइडर से टकराते हुए कई बार पलटी खा गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़े। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और उसमें सवार लोग अंदर फंसे हुए थे।
सूचना मिलते ही थाना फतेहाबाद पुलिस, यूपीडा कर्मी और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने सात माह की मासूम यति को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल निशांत और उनकी पत्नी वैष्णवी को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया। कार में सवार एक अन्य युवती को भी मामूली चोटें आईं। वह सुरक्षित बताई जा रही है।
पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त कार को क्रेन की मदद से एक्सप्रेस वे से हटवाकर यातायात सामान्य कराया गया।
________________________________________

Post a Comment
0 Comments