Agra News: खबरें आगरा की..

एक जून को आगरा आएंगे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार
आगरा, 29 मई। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार एक जून को यहां अपने गृह जनपद पहुंच रहे हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे सड़क मार्ग से एक जून को शाम चार बजे आगरा पहुंचेंगे। करीब 23 घंटे तक शहर में प्रवास करने के बाद दो जून को दोपहर तीन बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। 
विजय नगर कालोनी में पारिवारिक निवास होने के साथ ही ज्ञानेश कुमार का शहर से पुराना और गहरा नाता रहा है। उनके पिता डॉ. सुबोध कुमार गुप्ता मुख्य चिकित्सा अधिकारी रहे थे। उनका परिवार लंबे समय तक आगरा में निवास करता रहा। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का आगमन इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि उनके दामाद आईएएस अधिकारी मनीष बंसल वर्तमान में यहां जिलाधिकारी हैं। बेटी मेधा रुपम नोयडा की डीएम हैं। 
सूत्रों के अनुसार मुख्य चुनाव आयुक्त के इस दौरे में पारिवारिक मुलाकात के साथ-साथ स्थानीय प्रशासनिक और निर्वाचन व्यवस्थाओं को लेकर औपचारिक संवाद किए जाने की चर्चाएं हैं। 
________________________________________
खेरिया मोड़ रेलवे ओवरब्रिज पर एक जून से भारी वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध!
आगरा, 29 मई। "खेरिया मोड़ रेलवे ओवरब्रिज पर एक जून से भारी वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पुल कमजोर होने के कारण रेलवे ने "पुनर्निर्माण जरूरी" की चेतावनी जारी की है 
शहर के यातायात के लिए एक अहम सूचना जारी की गई है। खेरिया मोड़ रेलवे ओवरब्रिज पर 01 जून, 2026 से भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है। रेलवे ने यह निर्णय पुल के काफी कमजोर हो जाने और पुनर्निर्माण की आवश्यकता को देखते हुए लिया है। सभी भारी वाहन चालकों को इसका पालन करना अनिवार्य होगा। प्रशासन ने वैकल्पिक मार्गों का सुझाव देने की तैयारी शुरू कर दी है।
________________________________________
आईएमए ने लगाया आओ गाँव चलें चिकित्सा परीक्षण शिविर
आगरा, 29 मई। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की जिला शाखा द्वारा चौधरी चरण सिंह की पुण्य तिथि के उपलक्ष्य में “आओ गाँव चलें” मुहिम के अंतर्गत चिकित्सा परीक्षण शिविर का आयोजन माँ कृष्णा पब्लिक स्कूल, सींगना में किया गया। शिविर प्रातः 6 बजे से 9 बजे तक संचालित हुआ।
अध्यक्ष डा पंकज नागायच ने बताया कि सामाजिक सरोकार वाले कार्यक्रम आईएमए लगातार करता रहा है!
कार्यक्रम के चेयरमैन डा ओ पी यादव ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने कहा था कि देश की उन्नति का रास्ता खेत खलिहानों से होकर निकलता है इस बात को समझते हुए आईएमए आज गांव में है। 
Get an exciting opportunity by clicking this advertisement 
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जनरल परामर्श, शुगर जाँच, ब्लड प्रेशर जाँच, छाती रोग परीक्षण, नेत्र जाँच, दंत परीक्षण तथा महिला रोग परामर्श जैसी सेवाएँ प्रदान की गईं। साथ ही जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयाँ भी वितरित की गईं। पैथोलॉजिस्ट डा नीतू चौधरी ने निःशुल्क रक्त की जाँच की। डा विभा ने दाँत परीक्षण किया। डा शिप्रा ने निशुल्क नेत्र जाँच की। इस दौरान सचिव डा रजनीश मिश्रा, कोषाध्यक्ष डा मुकेश भारद्वाज, अध्यक्ष निर्वाचित डा हरेंद्र गुप्ता, जयराज, अरविंद चौधरी भी मौजूद रहे। 
________________________________________
साहित्य संगीत संगम ने दी बशीर बद्र को श्रद्धांजलि
आगरा, 29 मई। साहित्य संगीत संगम के तत्वावधान संस्था के कार्यालय पर शुक्रवार को मरहूम शायर बशीर बद्र की याद में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन आगरा कॉलेज संगीत विभाग की प्रो आन्शवना सक्सेना की अध्यक्षता में किया गया।
बशीर बद्र जी की शायरी के शिल्प पर चर्चा करते हुए चंद्रशेखर जी ने कहा उनकी ग़ज़लें आम आदमी की ग़ज़लें थी आम आदमी के रूहानी एहसास को वे बड़ी आसानी से अपनी गजलों में पिरो देते थे। संगीतकार पप्पू खान ने उनकी आगरा की महफ़िलों का ज़िक्र करते हुए कहा उनको सुनना किसी ख़्वाबों के शहर में जाने के जैसा होता था और उनको सुनने से कभी मन नहीं भरता था। हरीश भदोरिया, डॉ नीरज स्वरूप, पूजा तोमर, सुशील सरित, दिनेश श्रीवास्तव ने उनकी कुछ गजलों को स्वरबद्ध कर प्रस्तुत किया। इस मौके पर सुधीर शर्मा, दिव्यांशी ,शिवा, डॉ नीरज स्वरूप ,नीलेद्र श्रीवास्तव
आदि की उपस्थिति रही।
________________________________________
इच्छाओं पर नियंत्रण करने वाला ही खरा सुदामा
आगरा , 29 मई। कमलानगर ब्रज विहार स्थित राधा कृष्ण मंदिर में श्रीमद्भागवत के सातवें दिन सुदामा चरित्र के भावपूर्ण वर्णन किया गया। कथा वाचिका साक्षी शुक्ला ने कहा किसी भी लोभ लालच को त्याग कर भक्ति में लीन होने वाला ठाकुर जी का भक्त ही सच्चा सुदामा है। उन्होंने भावमय प्रसंगों को सुनाकर ठाकुर जी की महीमाओ से श्रद्धालुओं को भाव विभोर कर दिया।
मुख्य यजमान विनय लूथरा, प्रिया लूथरा ने बताया कि शनिवार को सुबह हवन,कन्या पूजन ,ब्राह्मण भोजन के बाद भंडारे का आयोजन होगा। इस दौरान जगदीश लूथरा,राजकुमार लूथरा, निशि लूथरा, रोहित कत्याल, संजय लूथरा, ऋतु लूथरा, संतोष दुआ, विमल सोंधी, सत्यपाल खुराना, ममता खुराना, हिमांशु लूथरा, शिवानी लूथरा, मोहित, अंशुल, उदित, अमन, कुसुम मिड्ढा, प्रवेश बत्रा, संतोष तनेजा उपस्थित रहे।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments