Agra News-2: खबरें आगरा की-2...
आगरा में मनाई गई छत्रपति संभाजी की जयंती, 13 फुट की घुड़सवारी वाली मूर्ति भी आई
आगरा, 14 मई। धर्मवीर छत्रपति संभाजी महाराज की 369वीं जयंती पर यहां गुरुवार को लाल किला के सामने स्थित हनुमान मंदिर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय राज्य मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल, कैबिनेट मंत्री प्रतिनिधि के रूप में भाजपा नेता डॉ आलोकिक उपाध्याय, छावा भारत क्रांति मिशन के चीफ कोऑर्डिनेटर विजय काकडे पाटिल एवं नासिक से आए यात्रा संयोजकों ने धर्मवीर संभाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया।
नासिक से चलकर आगरा पहुंची राष्ट्रीय गौरव यात्रा के पदाधिकारियों के द्वारा सभी अतिथियों का भगवा अंग वस्त्र पहनाकर स्वागत किया गया। इस मौके पर छत्रपति संभाजी महाराज को नमन करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल ने कहा संभाजी महाराज मराठा साम्राज्य के दूसरे शासक थे उन्होंने अपने पिता शिवाजी महाराज के सपनों को पूरा करने के लिए कई युद्ध लड़े।
इस साल यह जयंती समारोह आगरा में छावा भारत क्रांति मिशन के नेशनल प्रेसिडेंट डॉ. विलास पंगारकर के नेतृत्व में मनाया गया। संभाजी महाराज की 13 फुट की घुड़सवारी वाली मूर्ति को नासिक के सिन्नर तहसील के पांगरी से आगरा पहुंची। आगरा में लाल किले के सामने छत्रपति शिवाजी महाराज के स्मारक पर पूजा अर्चना कर उन्हें नमन किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से महेर से जिजाऊ के वंशज शिवाजीराजे जाधव, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, पार्षद सुनील कर्मचंदानी, महेश शर्मा, पार्षद जगदीश सोनकर, ललित शर्मा, दीप विनायक पटेल ने रथयात्रा का स्वागत किया।
________________________________________
योगेंद्र उपाध्याय ने छोड़ी फ्लीट!
आगरा, 14 मई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने सप्ताह में एक दिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट उपयोग करने के साथ अपने साथ चलने वाली प्रोटोकॉल और गाड़ियों को छोड़कर सिर्फ एक गाड़ी स्वीकार की है।
योगेंद्र उपाध्याय ने कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि ईंधन खपत कम करें और राष्ट्रहित में स्वदेशी वस्तुओं को अपनाएं। योगेंद्र उपाध्याय ने कहाकि उनके अति आवश्यक कार्यक्रमों को छोड़कर अधिकांश मीटिंग और कार्य वर्क फ्रॉम होम को प्राथमिकता देते हुए वर्चुअल मीटिंग के माध्यम से संचालित किए जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल भी करेंगे।
________________________________________
गोबर गैस प्लांट स्थापित करने पर 50 प्रतिशत सब्सिडी देने की तैयारी
आगरा, 14 मई। प्रदेश के मंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास तथा राजनैतिक पेंशन विभाग धर्मपाल सिंह ने गुरुवार को यहां समीक्षा बैठक करते हुए निर्देशित किया कि सभी वृहद गौ संरक्षण केंद्रों पर गोबर गैस संयंत्र स्थापित किए जाएं तथा उनके साथ कम्युनिटी किचेन स्थापित किया जाए जिसमें कम्युनिटी किचेन का संचालन बायोगैस से कर के आमजन को भंडारे, शादी विवाह आदि में पकी खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि इससे गौ संरक्षण केंद्रों की आय में भी वृद्धि होगी तथा एलपीजी सिलेंडर पर निर्भरता घटेगी। उन्होंने बताया कि जल्द ही व्यक्तिगत गोबर गैस प्लांट स्थापित करने हेतु राज्य सरकार द्वारा कुल लागत का 50 प्रतिशत सब्सिडी देने का प्रस्ताव लाया जा रहा है, व्यक्तिगत गोबर गैस प्लांट लगाने बालों को सरकार प्रोत्साहित करेगी।
उन्होंने गोवंश के संरक्षण के लिए कई अन्य निर्देश भी दिए। बैठक में राज्यसभा सदस्य नवीन जैन, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, छोटे लाल वर्मा, विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे, जिलाधिकारी मनीष बंसल, सीडीओ प्रतिभा सिंह, एडीएम वित्त व राजस्व श्रीमती शुभांगी शुक्ला, एडीएम प्रशासन श्री आजाद भगत सिंह, नगरायुक्त संतोष कुमार वैश्य, सीएमओ डॉ.अरुण कुमार श्रीवास्तव, अपर निदेशक पशुपालन डॉ देवेंद्र पाल, सीवीओ डॉ.डीके पांडे मौजूद रहे।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments