दयालबाग में चार्जिंग प्वाइंट में आग, 24 ई-रिक्शे जले, धमाके से फैली दहशत
आगरा, 14 मई। थाना न्यू आगरा क्षेत्र में गुरुवार तड़के आग लग जाने से करीब 24 ई रिक्शा जलकर राख हो गए। इस दौरान एक युवक के भी झुलस जाने की खबर है। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
फायर स्टेशन संजय प्लेस के अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर ने बताया कि कृष्णा बाग नगला हवेली दयालबाग में एक खाली प्लॉट पर दो साल से ई रिक्शा के लिए चार्जिंग प्वाइंट संचालित है। गुरुवार तड़के करीब चार बजे यहां पर धर्मवीर निवासी फरह, अनार सिंह निवासी एटा और पप्पू निवासी खंदारी व रमाशंकर निवासी सदर सो रहे थे। तभी अचानक यहां आग लग गई और आग लगने के बाद धमाके होने लगे।
इससे पहले कि सो रहे लोग कुछ समझ पाते, आग विकराल होने लगी और सभी लोग बाहर निकलकर भागने लगे इस दौरान रमाशंकर झुलस गए। आग की चपेट में आगर करीब 24 ई रिक्शा जलकर राख हो गए।
यह चार्जिंग प्वाइंट जयपुर हाउस निवासी धनीराम का बताया गया है। वह किराए पर जगह लेकर इसका संचालन कर रहे थे। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड पहुंची जिन्होंने आग पर काबू पाया। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments