मोदी की अपील को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 19 से समूचे शहर में “राष्ट्र प्रथम अभियान” चलाएंगे नवीन जैन
आगरा, 15 मई। राज्यसभा सदस्य नवीन जैन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राष्ट्रहित में की गई अपील को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 19 से 27 मई तक “राष्ट्र प्रथम अभियान” चलाने का फैसला किया है।
इस अभियान के तहत जन संकल्प यात्रा, विभिन्न जनसंपर्क अभियान चलाने के साथ ही उपवास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। नवीन जैन ने यह जानकारी शुक्रवार को कमलानगर स्थित एक रेस्तरां में प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में 19 मई को दोपहर 4:30 बजे “जन संकल्प यात्रा” निकाली जाएगी, जो भगवान टॉकीज से प्रारम्भ होकर संजय पैलेस स्थित शहीद स्मारक तक जाएगी। द्वितीय चरण में 21 मई को शाम 4 बजे से आगरा के प्रमुख चौराहों पर जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। तृतीय चरण में 22 मई को सुबह 11 बजे से बैंक एवं विभिन्न सरकारी कार्यालयों में संपर्क कर लोगों को राष्ट्रहित के संकल्पों से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। चतुर्थ चरण में 24 मई को शाम 5 बजे से रेलवे स्टेशन पर जनसंपर्क अभियान आयोजित किया जाएगा। पंचम चरण में 25 मई को सुबह 11 बजे से कॉलेजों में संपर्क अभियान चलाकर युवाओं एवं विद्यार्थियों को राष्ट्र प्रथम की भावना से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। छठवें एवं अंतिम चरण में 27 मई को शाम 5 बजे स्पीड कलर लैब के समीप सांकेतिक उपवास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
सांसद ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देशवासियों से किए गए राष्ट्रव्यापी आव्हान को जन-जन तक पहुंचाना है।
नवीन जैन ने इसी क्रम में प्रधानमंत्री से अपनी सुरक्षा व्यवस्था एवं वाहनों के काफिले में कमी किए जाने पर सांसद नवीन जैन ने उन्हें पत्र लिखकर आग्रह किया कि वे अपनी सुरक्षा व्यवस्था को पूर्ववत एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप यथावत बनाए रखें।
मोदी ने की है ये अपील
1. एक वर्ष तक अनावश्यक विदेश यात्राओं से बचें। 2. सोने की खरीदारी को सीमित करें जिससे विदेशी मुद्रा भंडार पर असर न पड़े। 3. पेट्रोल-डीजल का कम से कम एवं मेट्रो, पब्लिक ट्रांसपोर्ट एवं कारपूल का अधिकाधिक उपयोग करें। 4. जहाँ संभव हो “वर्क फ्रॉम होम” को अपनाया जाए। 5. रासायनिक खादों एवं उर्वरकों पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दें। 6. खाने के तेल की खपत कम करें। 7. विदेशी ब्रांड के उत्पाद जहाँ तक संभव हो उपयोग कम करें।
इन्होंने भी की अपील
पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, वैभव जैन, नितेश शिवहरे, हेमंत भोजवानी, महेश शर्मा, राहुल जैन, पार्षद नीतीश भारद्वाज, हिमांशु मिश्रा, कौशल वशिष्ठ, रोहित कत्याल ने भी लोगों से “राष्ट्र प्रथम अभियान” से जुड़ने की अपील की।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments