17 मई को आगरा में जुटेंगे देश के जाने-माने न्यूरोलॉजी विशेषज्ञ, स्पाइन एवं ब्रेन स्ट्रोक के आधुनिक उपचार हेतु नवीनतम जानकारी, तकनीक, ज्ञान और अनुभव करेंगे साझा
आगरा, 15 मई। वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली, तनाव, अनियमित खानपान, मधुमेह, उच्च रक्तचाप एवं अन्य कारणों से स्ट्रोक, स्पाइन रोग एवं न्यूरोलॉजिकल बीमारियों की घटनाओं में निरंतर वृद्धि देखी जा रही है। इन जटिल बीमारियों के आधुनिक एवं प्रभावी उपचार हेतु विशेषज्ञों के बीच नवीनतम वैज्ञानिक जानकारी का आदान-प्रदान अत्यंत आवश्यक हो गया है।
इसी उद्देश्य से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड न्यूरोसाइंस सोसायटी एवं न्यूरोलॉजिकल सोसाइटी, आगरा के संयुक्त तत्वावधान में 'भविष्य की ओर अग्रसर' थीम पर " मिडटर्म सीएमई 2026” का आयोजन 17 मई, रविवार सुबह 10:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक फतेहाबाद रोड स्थित एक होटल में किया जाएगा।
शुक्रवार शाम संजय प्लेस स्थित एक होटल में पत्रकारों को सीएमई (सेमिनार) के संबंध में जानकारी प्रदान करते हुए आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. अरविंद अग्रवाल एवं आयोजन सचिव डॉ. विनय अग्रवाल ने सेमिनार के साइंटिफिक एजेंडे का ब्रोशर विमोचन कर जारी किया।
उन्होंने बताया कि इस वैज्ञानिक सम्मेलन में आगरा, बरेली, मुरादाबाद, अलीगढ़, मथुरा, नोएडा, झाँसी, सैंफई, लखनऊ, प्रयागराज, फरीदाबाद, गाजियाबाद और दिल्ली सहित देशभर के प्रतिष्ठित न्यूरोसर्जन, न्यूरोलॉजिस्ट एवं स्पाइन विशेषज्ञ भाग लेंगे।
आयोजन समिति सदस्य डॉ. आलोक अग्रवाल और डॉ. संजय गुप्ता* ने बताया कि सीएमई का शुभारंभ प्रातः 10:00 बजे होगा। सुबह 10:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक निरंतर चलने वाले विभिन्न सत्रों में स्ट्रोक, एंडोवास्कुलर न्यूरोसर्जरी, स्पाइन सर्जरी, ब्रेन ट्यूमर, मेनिन्जियोमा, डिमायलिनेटिंग रोग, एंडोस्कोपिक स्पाइन सर्जरी तथा क्रेनियोवर्टिब्रल जंक्शन सर्जरी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान एवं पैनल चर्चा आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह चिकित्सकों के लिए ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी मंच सिद्ध होगा तथा प्रदेश में न्यूरोसाइंस चिकित्सा सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
युवा चिकित्सक होंगे लाभान्वित
आयोजन समिति सदस्य डॉ. मयंक बंसल, डॉ. मयंक अग्रवाल और डॉ. उद्भभव बंसल ने बताया कि इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य न्यूरोसाइंस एवं स्पाइन सर्जरी के क्षेत्र में आधुनिक ज्ञान का आदान-प्रदान करना है। यह कार्यक्रम युवा चिकित्सकों को नवीनतम चिकित्सा तकनीकों से अवगत कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सम्मेलन में देश के जाने माने विशेषज्ञ चिकित्सक नवीनतम तकनीकों, शोध एवं उपचार पद्धतियों पर अपने अनुभव साझा करेंगे।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments