लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर स्लीपर बस डंपर में जा घुसी, 12 घायल

आगरा, 15 मई। लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दिल्ली से हमीरपुर जा रही स्लीपर कोच बस शुक्रवार की तड़के थाना डौकी क्षेत्र में आगे चल रहे डंपर में पीछे से घुस गई। हादसे में बस चालक समेत 12 यात्री घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस व यूपीडा की टीम ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
खबरों के मुताबिक, जालौन जिले के कालपी थाना क्षेत्र के नरहन निवासी चालक शैलेंद्र विशाखा ट्रेवल्स की स्लीपर कोच बस से दिल्ली से करीब 50-60 सवारियों को लेकर हमीरपुर जा रहा था। तड़के करीब 3:30 बजे थाना डौकी क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 16.700 पर तेज रफ्तार बस आगे चल रहे डंपर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। 
हादसे में चालक शैलेंद्र, आशिक पुत्र कामता सिंह, उनकी पत्नी अनीता निवासी मवई गुर्जर थाना कालपी जिला महोबा, प्रद्युम्न सिंह पुत्र छोटे निवासी थाना कालपी तथा दुर्गेश पुत्र विजय निवासी कालपी जिला जालौन घायल हो गए।
सूचना मिलते ही डौकी पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची तथा बस में फंसे घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा। अन्य यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। हादसा संभवत बस चालक को नींद की झपकी आने के कारण हुआ।
_________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments