सुबह-सुबह महंगाई का बड़ा झटका, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में तीन-तीन रुपये की बढ़ोत्तरी

नई दिल्ली, 15 मई। सुबह-सुबह देशवासियों को बड़ा झटका लगा। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन-तीन रुपये की बढ़ोतरी हो गई। मिडिल-ईस्ट जंग की शुरुआत के बाद से ये पहली बार है जब देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफा हुआ। राजधानी दिल्ली में सीएनजी की कीमतों में भी दो रुपये की बढ़ोत्तरी कर दी गई है। 
पेट्रोल और डीजल के नए दाम शुक्रवार, 15 मई, 2026 से लागू हो गए। आगरा में शुक्रवार सुबह से पेट्रोल के रेट जो अभी तक 94.55 रुपये थे, बढ़कर 97.66 रुपये प्रति लीटर और डीजल के रेट जो पहले 87.59 रुपये थे बढ़कर 3.11 रुपये प्रति लीटर हो गए। अब डीजल के नए रेट 91.08 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं।
दिल्ली में पेट्रोल तीन रुपये महंगा होकर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गया है। कोलकाता में ये 108.74 रुपये (3.29 रुपये महंगा), मुंबई में 106.68 रुपये (3.14 रुपए महंगा) और चेन्नई में 103.67 रुपये (2.83 रुपये) प्रति लीटर की दर से बिक रहा है।
महानगरों में डीजल की कीमतों में करीब 2.80 रुपये से लेकर 3.30 रुपये तक का इजाफा देखा गया है। दिल्ली में अब डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। वहीं, कोलकाता में इसके दाम 95.13 रुपये, मुंबई में 93.14 रुपये और चेन्नई में 95.25 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं।
बता दें कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज लगी पाबंदियों की वजह से कच्चे तेल के आयात-निर्यात पर भारी असर हुआ है। ऐसे में जगह-जगह तेल की किल्लत होने के संकेत हैं। इसी के मद्देनजर सरकार लगातार तेल का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल न करने की सलाह दे रही है।
हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता से फ्यूल बचाने की अपील की थी। उन्होंने वर्क फ्रॉम करने और निजी वाहनों के कम इस्तेमाल पर जोर दिया था। तभी से ऐसे संकेत मिल रहे थे कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है। 
_________________________________________



ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments