अजब गजब: आरटीई से दाखिला, अभिभावक पहुंचे तो स्कूल ही नहीं मिला
आगरा, 11 अप्रैल। शिक्षा विभाग का एक गड़बड़झाला सामने आया है। शिक्षा के अधिकार (आरटीई) के तहत एक बच्चे का ऐसे प्राइमरी स्कूल में एडमिशन कर दिया गया जो धरातल पर था ही नहीं। अभिभावक ने इस बारे में बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है।
अभिभावक इमरान ने बताया कि आरटीई के तहत उनके बच्चे का कक्षा एक में सत्य पब्लिक प्राइमरी स्कूल सीओडी काॅलोनी शाहगंज में एडमिशन हुआ। उनके पास इसका पत्र भी है, लेकिन पत्र में उल्लेखित स्थान पर जाकर देखा तो वहां स्कूल नहीं मिला। इमरान ने संस्था प्रोग्रेसिव एसोसिएशन ऑफ पैरेंट्स अवेयर्स (पापा) द्वारा अशोक नगर स्थित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में लगाए गए आरटीई सहायता शिविर में पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से कहा गया कि जानकारी जुटाएंगे। इस शिविर में करीब 40 अभिभावकों ने पहुंचकर अन्य शिकायतें दर्ज कराईं। बड़ी संख्या में अभिभावकों ने शिकायत की कि विद्यालय आवंटन के बावजूद स्कूल प्रबंधन प्रवेश देने से मना कर रहा है। स्कूलों का कहना है कि उन्हें विभागीय सूची प्राप्त नहीं हुई, जबकि विभाग सूची भेजे जाने की बात कह रहा है। कई अभिभावकों को तीन से चार किलोमीटर दूर स्कूल आवंटित हुए हैं। कुछ अभिभावकों को आरटीई के तहत मिलने वाली राशि पिछले दो से तीन वर्षों से नहीं मिली है।
सभी मामलों को संकलित कर शिक्षा विभाग और जिलाधिकारी को भेजा जा रहा है।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments