वैजयंती देवी की लड़कियों ने जीती अस्मिता खेलो इंडिया कबड्डी प्रतियोगिता
आगरा, 18 अप्रैल। वैजयंती देवी इंटर कॉलेज की लड़कियों ने संघर्षपूर्ण फाइनल मुकाबले में ए.के. स्पोर्ट्स अकादमी को 53-47 से हराकर अस्मिता खेलो इंडिया कबड्डी प्रतियोगिता का खिताब जीत लिया।
वैजयंती देवी की टीम पहले हाफ में स्कोर 31-25 से आगे थी। दूसरे हाफ में भी कांटे की टक्कर देखने को मिली। निर्णायक क्षण में वैजयंती देवी की खिलाड़ी नंदनी धाकड़ ने शानदार रेड कर महत्वपूर्ण अंक दिलाए। अंततः टीम ने 53-47 से जीत हासिल की।
शनिवार को वैजयंती देवी इंटर कॉलेज, बिचपुरी के मैदान पर खेली गई इस प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में ए के स्पोर्ट्स अकादमी ने लोटस वैली स्कूल को 23-11 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में वैजयंती देवी इंटर कॉलेज ने सी एल कॉन्वेंट स्कूल को 24-13 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता का पहला मैच लोटस वैली स्कूल और सनफ्लावर शिक्षा सदन पब्लिक स्कूल के बीच खेला गया। इसमें लोटस वैली ने पहले हाफ में 5-3 की बढ़त बनाई और दूसरे हाफ में शानदार खेल दिखाते हुए 13-8 से मैच जीत लिया। टीम की ओर से मानसी, हर्षिता, एंजेल और राधिका ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।
दूसरा मैच वैजयंती देवी इंटर कॉलेज, बिचपुरी और बीडी कॉन्वेंट इंटर कॉलेज के बीच हुआ, जिसमें वैजयंती देवी ने पहले हाफ में 12-5 की बढ़त बनाई और अंततः 20-11 से जीत दर्ज की। दीक्षा, पायल, पलक और प्राची ने शानदार खेल दिखाया।
तीसरे मैच में ए के स्पोर्ट्स अकादमी ने जी एल पब्लिक स्कूल को एकतरफा मुकाबले में 16-5 से हराया। अकादमी की ओर से अनुष्का, संजू, भावना और रेशमा ने अंक जुटाए। चौथे मैच में सी एल कॉन्वेंट स्कूल ने सेंट क्वीन मैरी पब्लिक स्कूल को 14-5 से हराकर जीत हासिल की। पलक, खुशी और महक ने टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन किया।
आयोजन सचिव संजय गौतम ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष हरि सिंह यादव, भाजपा नेता सोनू चौधरी सहित राजन प्रधान, बृजेश उदानिया, अभिषेक राजपूत, रोहित शर्मा, नरेंद्र शर्मा, तपेश शर्मा, अंकुर उदानिया, राजेश अग्रवाल, ललित पाराशर, प्रशांत शुक्ला, मधु और आरती उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का आयोजन उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ द्वारा किया गया।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments