परशुराम चौक प्रकरण में चार आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए

आगरा, 18 अप्रैल। थाना सिकंदरा पुलिस ने अंबेडकर जयंती पर आवास विकास कॉलोनी में परशुराम चौक पर चढ़कर नीला झंडा फहराने वाले चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वीडियो देखकर चारों आरोपियों की पहचान की।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने शुक्रवार की रात्रि आरोपी दक्ष, शिवम, पुष्पेंद्र ओर प्रशांत को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया। हालांकि अपनी लगभग हर कार्रवाई को सोशल मीडिया "एक्स" पर पोस्ट करने वाली कमिश्नरेट पुलिस ने इसे शनिवार शाम तक पोस्ट नहीं किया। न ही गिरफ्तार युवकों का चित्र "एक्स" पर जारी किया गया। माना जा रहा है कि पुलिस इन युवकों की गिरफ्तारी के लिए भीमनगरी महोत्सव खत्म होने का इंतजार कर रही थी। पुलिस ने 19 अप्रैल को परशुराम जयंती से पहले इन युवकों की गिरफ्तारी बताकर पूरे प्रकरण को शांत करने का प्रयास किया है।
गौरतलब है कि डॉ. बीआर अंबेडकर की जयंती पर उनके अनुयायी विगत मंगलवार को आवास विकास कॉलोनी से रैली निकाल रहे थे। इस दौरान रैली में शामिल कुछ अराजक तत्व सेक्टर 6 में स्थित परशुराम चौक पर जूते-चप्पल पहनकर चढ़ गए। अराजक तत्वों ने वहां पर लगे झंडे को हटाना चाहा। वहां पर नीला झंडा लगा दिया। इतना ही नहीं सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। इसका वीडियो बनाकर वायरल किया। जब वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो ब्राह्मण समाज के लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। लोग परशुराम चौक पर पहुंच गए। हालांकि तब तक रैली में शामिल लोग वहां से जा चुके थे। अगले दिन परशुराम चौक पर ब्राह्मण समाज के लोगों ने जमकर हंगामा किया था। ब्राह्मण समाज के आक्रोश और अल्टीमेटम के बाद पुलिस ने सिकंदरा थाने में एफआईआर दर्ज की थी। 
__________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments