आगरा में इंटरनेशनल स्टेडियम के लिए जमीन तलाशें, प्रस्ताव बनाएं, यमुना की डिसिल्टिंग और घाटों की मरम्मत के भी प्रस्ताव भेजें- आगरा आए उपमुख्यमंत्री मौर्य ने दिए अफसरों को निर्देश

आगरा, 15 अप्रैल। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को यहां समीक्षा बैठक करते हुए जिला प्रशासन को इंटरनेशनल स्टेडियम स्थापना के लिए जमीन चिह्नित करने और प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने यमुना नदी में सिल्ट सफाई तथा घाटों की मरम्मत के भी निर्देश दिए, साथ ही यमुना की सिल्ट सफाई के लिए नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए।
मौर्य यहां विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने आए हुए थे। इससे पहले नवीन सर्किट हाउस में उन्होंने जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सरकारी योजनाओं की प्रगति, विकास कार्यों, कानून व्यवस्था की समीक्षा की।
बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा की गई विद्युत विभाग की शिकायतों पर उन्होंने प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए।
उन्होंने जनपद के सभी आंबेडकर पार्क/आंबेडकर स्थल के सौंदर्यीकरण, प्रतिमाओं पर छत्र स्थापना, स्कूलों को लेकर आ रही समस्याओं, जलापूर्ति संबंधी समस्याओं को दूर करने और अवैध धार्मिक अतिक्रमणों को हटाने के भी निर्देश दिए। बैठक में गौ आश्रय स्थलों की समीक्षा में सीवीओ से जवाब तलब किया गया, तैयारी के साथ बैठक में आने पर सीवीओ का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। 
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों की कई समस्याओं को रखा। उपमुख्यमंत्री ने उनके शीघ्रता से समाधान के निर्देश दिए। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, विधायकगण डॉ.जीएस धर्मेश, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, छोटेलाल वर्मा, भगवान सिंह कुशवाह, एमएलसी विजय शिवहरे, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह, प्रदेश महामंत्री राम प्रताप चौहान, सहित पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार, जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी, सीडीओ प्रतिभा सिंह व अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
__________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments