Agra News: खबरें आगरा की....
शाहगंज रोड से कलक्ट्रेट चौराहे अतिक्रमण हटाए गए
आगरा, 15 अप्रैल। नगर निगम प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बुधवार को बड़े पैमाने पर अभियान चलाया। शाहगंज रोड स्थित राधावल्लभ स्कूल से शुरू हुई कार्रवाई जीआईसी मैदान, पंचकुइया, तहसील रोड और पुलिस लाइन होते हुए कलक्ट्रेट चौराहे तक चली, जहां सड़क के दोनों ओर फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया गया।
अभियान के दौरान टीम ने फुटपाथों पर अवैध रूप से रखे गए आधा दर्जन से अधिक लावारिस खोखों को जब्त कर लिया। इसके अलावा दुकानों के आगे लगाए गए तिरपाल, शेड और अन्य अस्थायी ढांचों को हटाते हुए नष्ट किया गया। नगर निगम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और कई दुकानदारों ने जल्दबाजी में अपना सामान समेट लिया।
तहसील रोड पर कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध जताते हुए हंगामा भी किया और अभियान को रोकने की कोशिश की। हालांकि मौके पर मौजूद टास्क फोर्स और पुलिस बल ने सख्ती दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और अभियान को बिना किसी बाधा के जारी रखा।
_________________________________________
व्यापारियों ने दिया उपमुख्यमंत्री को ज्ञापन
आगरा, 15 अप्रैल। शहर के एक दिवसीय दौरे पर बुधवार को आए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से सर्किट हाउस में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में आवास विकास परिषद की कार्यवाही और नगर निगम के ट्रेड लाइसेंस शुल्क को रोकने की मांग की गई। इस दौरान वहां मौजूद महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने ट्रेड लाइसेंस शुल्क नहीं लगने देने का आश्वासन दिया। उप मुख्यमंत्री जी ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि लखनऊ जाकर दोनों समस्याओं पर संबंधित विभागों से सलाह करेंगे।
ज्ञापन देने वालों में जय पुरस्नानी, राजीव गुप्ता, संदीप गुप्ता, अमित अग्रवाल, उमेश अरोरा, धन कुमार जैन, अजय गर्ग, मनोज गुप्ता, देवेंद्र गोयल, मनीष अग्रवाल दिनेश गर्ग शामिल थे।
_________________________________________
नारी अधिनियम जागरूकता अभियान चलाया
आगरा, 15 अप्रैल। राजा बलवंत सिंह कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना की समस्त इकाइयों के स्वयंसेवकों द्वारा बुधवार को सामूहिक हस्ताक्षर एवं मानव श्रृंखला बनाकर नारी अधिनियम 2023 के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस कार्यक्रम में कॉलेज के प्रो मनुकान्त शास्त्री, प्रो बसंत बहादुर सिंह, प्रो रामवीर सिंह चौहान, समन्वयक डॉ पूनम तिवारी, प्रो अनुपमा सिंह, डॉ. आलोक कुमार सिंह, डॉ. तरुण कांत पाठक, डॉ. रुचि श्रीवास्तव, डॉ. दिनेश, डॉ. धनंजय, डाॅ. अबरीश, डॉ. मधुबाला, डॉ. राखी उपस्थित रहीं।
_________________________________________
स्कूल के गैस सिलेंडर में लगी आग, बच्चों को सुरक्षित बचाया
आगरा, 15 अप्रैल। ब्लॉक बरौली अहीर के ग्राम नगला पेमा स्थित प्राथमिक विद्यालय में बुधवार की सुबह खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई, जिससे बच्चों और शिक्षकों में अफरा-तफरी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। हैड कॉन्स्टेबल स्वदेश, चालक प्रेमपाल और होमगार्ड रोतान सिंह ने साहस दिखाते करीब 25-30 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और समय रहते आग पर काबू पा लिया।
_________________________________________
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments