तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की फ्लाईओवर से गिरकर मौत

आगरा, 13 अप्रैल। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में शाहदरा फ्लाई ओवर पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक बाइक सवार बैठे दो युवक फ्लाई ओवर से करीब 30 फीट नीचे सड़क पर जा गिरे। हादसे में दोनों को मौत हो जाने की खबर है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यह हादसा रविवार रात को हुआ। रामबाग की ओर से बाइक पर दो युवक छलेसर की ओर जा रहे थे। शाहदरा फ्लाई ओवर पर पीछे से आ रही राजस्थान नंबर की तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मारी। टक्कर से बाइक अनियंत्रित होकर फ्लाई ओवर की बाउंड्री से टकरा गई और बाइक पर सवार दोनों युवक फ्लाईओवर से नीचे सड़क पर गिर पड़े। युवकों के गिरने पर आसपास के लोग पहुंचे। दोनों युवक खून से लथपथ थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, बाइक चला रहा युवक छलेसर निवासी अभिषेक शर्मा था। पिता जितेंद्र शर्मा ने बताया कि बेटा आगरा कॉलेज से बीटेक कर रहा था और रामबाग से वापस घर आ रहा था। बेटे की मौत की खबर पर परिवार में कोहराम मच गया। पीछे बैठे दूसरे युवक के बारे में तुरंत जानकारी नहीं हो सकी। बाद में मोबाइल फोन से सीडीआर और कॉल डिटेल के आधार पर उसकी शिनाख्त राजस्थान निवासी सतवीर के रूप में हुई। वह अभिषेक के साथ बाइक पर कैसे था, इसके बारे में पता नहीं चल पाया।
_________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments