केरल के युवकों ने एजेंट बनकर आगरा के जूता कारोबारी का लाखों का माल हड़पा!!
आगरा, 13 अप्रैल। केरल के युवकों ने शहर के जूता कारोबारी को करीब सोलह लाख रुपये की चपत लगा दी। कारोबारी ने तकादा किया तो जान से मारने की धमकी देने लगे। पीड़ित कारोबारी ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के निर्देश थाना छत्ता पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, छत्ता क्षेत्र की आमरा शू कम्पनी से वर्ष 2016 में केरल के मलप्पुरम जिले स्थित एवाई.टी.सी फुटकेयर फर्म के संचालक अब्दुल समद, अनीस खान, रफीक, रियाज और नौफाल ने एक परिचित के जरिए संपर्क किया। आमरा शू कम्पनी के ब्रांच मैनेजर सैयद जुल्फिकार अली ने बताया कि अभियुक्तों ने उन्हें केरल क्षेत्र का एजेंट बनने का प्रस्ताव दिया। भरोसे में आकर उन्होंने आरोपियों को एजेंट नियुक्त कर दिया और उन्हें माल भेजना शुरू कर दिया।
आरम्भ में अभियुक्तों ने माल बेचकर भुगतान किया।
कुछ समय बाद भुगतान देना बंद कर दिया। पूछताछ करने पर अभियुक्तों ने 15,97,771 रुपये का माल सुरक्षित होने और बिकने के बाद भुगतान करने का आश्वासन दिया। 17 फरवरी, 2025 को आरोपी रियाज आगरा आया और आठ लाख रुपये व 7,97,771 रुपये के दो चेक दिए। जब इन चेकों को बैंक में लगाया गया तो दोनों बाउंस हो गए।
सैयद जुल्फिकार अली का कहना है कि इसके बाद जब उन्होंने माल वापस मांगने की कोशिश की तो अभियुक्तों ने टालमटोल शुरू कर दी। फोन पर साफ कह दिया कि कोई भी सामान वापस नहीं करेंगे। यहां तक कि किसी को भेजने पर जान से मार कर समुद्र में फेंकने की धमकी भी दी।
पीड़ित ने पहले थाना छत्ता पुलिस से गुहार लगाई। लेकिन सुनवाई न होने पर न्यायालय की शरण ली। न्यायालय ने पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए। पुलिस अब आरोपों की जांच में जुटी है।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments