भैंस को लेकर दो पक्षों में हो गया पथराव, पुलिस पर भी फेंके पत्थर, बुलानी पड़ी दंगा नियंत्रण टीम

आगरा, 10 अप्रैल । थाना कागारौल क्षेत्र के तांतपुर रोड पर दो पक्षों के बीच भैंस की खरीद-फरोख्त को विवाद इस कदर भड़का कि हिंसक झड़प में बदल गई और दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस पर भी पत्थर बरसाए गए।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार की शाम तांतपुर रोड पर मस्जिद के पास मुस्लिम समुदाय के दो पक्षों में भैंस की खरीद-फरोख्त को लेकर विवाद हुआ। यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर बरसाने लगे। हालात बिगड़ते देख आसपास के दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। स्थानीय लोगों ने भय के चलते अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए। बताया गया है कि कुछ लोग मकानों की छतों पर चढ़कर भी पथराव कर रहे थे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में करने का प्रयास किया, लेकिन लोगों ने पुलिस से धक्का-मुक्की कर दी और पत्थर फेंके। इस पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। अतिरिक्त पुलिस बल और दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ पहुंची टीम ने स्थिति पर नियंत्रण पाया। 
थाना प्रभारी अंकुर राठी का कहना है कि छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। करीब 36 नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। 
_______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments