दुस्साहस: गैस सिलेंडर लेने एजेंसी पर पहुंची बहनों को हॉकरों ने पीट डाला!!

आगरा, 18 अप्रैल। ट्रांस यमुना क्षेत्र में नुनिहाई स्थित एक गैस एजेंसी पर शनिवार को हैरतअंगेज नजारा देखने को मिला। यहां गैस सिलेंडर लेने पहुंचीं दो सगी बहनों को हाॅकरों ने जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा। सूचना मिलने पर पहुंचे भाई की भी पिटाई कर दी गई। एक बहन ने मारपीट का वीडियो बनाने का प्रयास किया तो उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया गया। पुलिस ने चार हाॅकरों को हिरासत में लिया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, गुलाब नगर, नरायच निवासी शेरसिंह की पत्नी सुनीता शनिवार को एलपीजी सिलेंडर लेने सरला गैस एजेंसी पर पहुंची थीं। उन्होंने 18 मार्च को सिलेंडर की बुकिंग कराई थी, जिसका संदेश एक अप्रैल को मोबाइल फोन पर मिला। उन्होंने हाॅकर से संपर्क किया तो उसने एजेंसी से सिलेंडर लेने को कहा। सुनीता एजेंसी पर पहुंची तो कर्मचारियों ने बताया कि सिलेंडर हाॅकर को दे दिया गया है। 
सुनीता और उसकी बहन की शादी एक ही परिवार हुई है। दो दिन पहले छोटी बहन अनीता के सिलेंडर में भी गैस खत्म हो गई। शनिवार को दोनों बहनें एक बार फिर सरला गैस एजेंसी पहुंचीं। उनसे फिर कहा गया कि सिलेंडर हाॅकर को दे दिया गया है।
आरोप है जब उन्होंने हाॅकर अजय से बात की तो उसने मना कर दिया और अभद्रता करने लगा। दोनों बहनों की हाॅकर से कहासुनी हो गई। आरोप है कि वहां मौजूद अजय, जयवीर, मनोज, अरविंद और उसके साथियों ने सुनीता को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा। उन्होंने तुरंत अपने भाई जय सिंह को सूचना दी। भाई जब बहनों को बचाने पहुंचा तो आरोपियों ने उसे भी पीट दिया।
इसी दौरान छोटी बहन अनीता वीडियो बना रही थी, हमलावरों ने उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया और उसके साथ भी मारपीट की। पूरे घटनाक्रम का एक अन्य उपभोक्ता ने चुपचाप वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंच कर चार हाॅकरों को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी एत्माद्दौला ने मीडिया से कहा कि हिरासत में लिये गए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। 
_______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments