संजय प्लेस के स्काई टावर स्थित गोदाम में भीषण आग, लाखों की संपत्ति जली
आगरा, 17 अप्रैल। थाना हरिपर्वत के अंतर्गत शहर के प्रमुख व्यावसायिक स्थल संजय प्लेस में भीषण आग लग गई। यह आग दोपहर करीब सवा बारह बजे स्काई टावर के प्रथम तल पर स्थित इलेक्ट्रॉनिक सामान और कंप्यूटर, लैपटॉप के गोदाम में लगी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन दमकलें मौके पर पहुंच गई और अथक प्रयास कर आग पर काबू पाया। आग बेहद तेज थी और अगर दमकलें समय पर नहीं पहुंचतीं, तो पूरा कॉम्प्लेक्स इसकी चपेट में आ सकता था।
प्रथम दृष्टया आग लगने कारण शॉर्ट सर्किट होना माना जा रहा है। स्काई टावर में शिवम प्रॉपर्टी डीलर के ठीक ऊपर स्थित इस गोदाम में लगी आग ने शीघ्र विकराल रूप ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। खिड़कियों से आग की लपटें बाहर निकलते देख लोगों में दहशत फैल गई। अनेक लोग अपनी दुकानों और कार्यालयों को छोड़कर बाहर निकल आए। राहगीरों में भी हड़कंप मच गया। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं। यह गोदाम एक्सट्रीम इन्फोटेक नामक दुकान का बताया गया है। अग्निकांड में करीब 80 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। गोदाम मालिक हरविंदर सिंह को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना के बाद से वह गहरे सदमे में हैं।
अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर ने बताया कि सूचना मिलते ही संजय प्लेस फायर स्टेशन से दमकलें मौके पर पहुंच गईं और दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। करीब एक घंटे के अथक प्रयास से आग पर काबू पाया जा सका। समय रहते कार्रवाई होने से आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल प्रशासन और फायर विभाग की टीमें आग लगने के सटीक कारणों की जांच में जुटी हुई हैं। इस घटना के बाद मार्केट में फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं और इलेक्ट्रिकल सिस्टम की स्थिति पर भी सवाल उठने लगे हैं। गौरतलब है कि कुछ ही दिन पहले संजय प्लेस के प्रथम तल पर स्थित एक कैफेटेरिया में भी आग लग गई थी। इसके बाद अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर ने संजय प्लेस के व्यापारियों को अग्निशमन उपाय करने और अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने को कहा था, लेकिन अधिकांश दुकानदारों ने इस पर गम्भीरता नहीं दिखाई।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments