आगरा में लेंसकार्ट आउटलेट पर हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन, पुलिस ने रोका
आगरा, 21 अप्रैल। शाहगंज क्षेत्र के मानस नगर में स्थित लेंसकार्ट के आउटलेट पर मंगलवार को हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। ये कार्यकर्ता लेंसकार्ट कंपनी द्वारा अपने हिंदू कर्मचारियों को कथित तौर पर कलावा पहनने और तिलक लगाकर काम करने से रोकने का विरोध कर रहे थे।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यहां हिंदूवादी कार्यकर्ताओं से पहले मौके पर पुलिस पहुंच गई और आउटलेट के अंदर जाने से रोक दिया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ता जबरन अंदर जाने और कर्मचारियों को तिलक-कलावा पहनाने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें सख्ती से रोक दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने बाहर ही विरोध शुरू कर दिया। उन्होंने लेंसकार्ट के पोस्टर सड़क पर गिरा कर उन पर जूते मारे। करीब आधे घंटे तक हंगामा चलता रहा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राहगीरों और ग्राहकों से अपील की कि वे लेंसकार्ट से चश्मे न खरीदें। उनका आरोप था कि कंपनी हिंदू संस्कृति का सम्मान नहीं करती। पुलिस ने समझा-बुझाकर सभी कार्यकर्ताओं को शांत कराया। ऐहतियातन आउटलेट के बाहर पुलिस तैनात कर दी गई है। प्रदर्शन करने वालों में अखिल भारत हिंदू महासभा के विशाल कुमार, सौरभ शर्मा, नितेश भारद्वाज, बबलू निषाद, मनीष पंडित, अवतार सिंह, विपिन राठौर, मनीष कुमार, आयुष तोमर, बाबू भाई शामिल रहे। विरोध प्रदर्शन से पहले मीरा राठौड़ जिलाध्यक्ष को थाना ताजगंज पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया।
खबरों के अनुसार, एक माह पहले लेंसकार्ट कंपनी ने ड्रेस कोड को लेकर नई पॉलिसी जारी की थी। इसमें लेंसकार्ट स्टोर में कर्मचारियों को माथे पर तिलक, बिंदी और हाथों में कलावा पहनने के लिए मना किया था। इसके बाद देश भर में लेंसकार्ट का विरोध हुआ। विरोध के बाद लेंसकार्ट बैकफुट आ गई। अब कंपनी ने नई गाइडलाइन जारी की है। नई गाइडलाइन के मुताबिक कर्मचारियों को कंपनी की टी-शर्ट, साधारण गहरे नीले रंग की जींस और बंद जूते पहनना होगा। इसके साथ ही सांस्कृतिक और धार्मिक चीजें जैसे कड़ा, चूड़ियां, मंगलसूत्र, कलावा पहनने की अनुमति दी गई है। छोटे झुमके, नथ, अंगूठी और चेन भी पहन सकते हैं। बिंदी, तिलक और सिंदूर जैसे धार्मिक चिन्ह पूरी तरह से मान्य हैं। पगड़ी और हिजाब जैसे सिर ढकने वाले कपड़े भी पहनने की अनुमति है, बशर्ते वे साफ-सुथरे हों और काम में बाधा न डालें। कंपनी ने भरोसा दिलाया कि वह प्रोफेशनल माहौल और सभी कर्मचारियों के साथ बराबरी का व्यवहार बनाये रखेगी।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments