सिकंदरा की हाईप्रोफाइल सोसायटी के फ्लैट में चल रहा था आईपीएल सट्टेबाजी का नेटवर्क!
आगरा, 19 अप्रैल। थाना सिकंदरा पुलिस ने क्षेत्र की एक हाईप्रोफाइल सोसाइटी के अंदर बने फ्लैट में आईपीएल सट्टेबाजी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो अन्य की तलाश की जा रही है। आरोपियों ने फ्लैट को अपना अड्डा बनाकर हार-जीत की बाजी का पूरा सिस्टम तैयार कर रखा था।
पुलिस को सूचना मिली कि एक फ्लैट में आईपीएल मैचों पर अवैध सट्टा लगाया जा रहा है। सूचना के आधार पर छापेमारी की गई, जहां से मुख्य आरोपी ऋतिक पाठक को गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से पुलिस ने 1,19,500 रुपये नकद बरामद किए, जो सट्टेबाजी के लेन-देन से जुड़े बताए जा रहे हैं।
छापे के दौरान पुलिस को इलेक्ट्रॉनिक और वित्तीय साक्ष्य भी मिले। पांच मोबाइल फोन और दो लैपटॉप जब्त किए गए, जिनमें सट्टे के नेटवर्क और लेन-देन का पूरा डेटा मौजूद है। इसके अलावा सात रजिस्टर, 12 एटीएम कार्ड और 19 पासबुक बरामद हुईं।
जांच में सामने आया कि फर्जी बैंक खातों के जरिए ऑनलाइन सट्टा चलाया जा रहा था, जिससे पैसों का ट्रांजैक्शन ट्रेस करना मुश्किल हो सके। इस नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं, जिनमें रिशु पाठक और केशव पाठक फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस गैंग के तार आसपास के जिलों से भी जुड़े हो सकते हैं.
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments