आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत, नीम का पेड़ भी फटा
आगरा, 30 अप्रैल। थाना बाह क्षेत्र के गांव राजारामपुरा के निकट आज गुरुवार की सुबह बारिश के बीच गिरी आकाशीय बिजली ने खेत पर खड़े 35 वर्षीय युवक की जान ले ली। आकाशीय बिजली की तीव्रता इतनी अधिक थी कि नीम का एक पेड़ भी फट गया। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार थाना बाह क्षेत्र में महेश कुमार पुत्र रामस्वरूप (निवासी धोबई) सुबह अपने खेत पर मौजूद था। इसी दौरान मौसम अचानक बिगड़ा और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। महेश खेत में खड़े नीम के पेड़ के पास खड़ा था, तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे पेड़ पर गिरी और उसकी चपेट में आकर महेश गंभीर रूप से झुलस गया।
बिजली गिरने की तीव्रता से नीम का पेड़ बीच से फट गया। महेश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची थाना बाह पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और राजस्व विभाग की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments