आवास विकास कालोनी के मां आदिशक्ति मंदिर में पांच माह के भीतर दूसरी बार चोरी, पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद
आगरा। थाना सिकंदरा क्षेत्र अंतर्गत आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-16 स्थित मां आदिशक्ति मंदिर में पांच माह के भीतर दूसरी बार चोरी हो जाने से श्रद्धालुओं में आक्रोश व्याप्त है। चोरी की यह वारदात विगत मंगलवार को दिनदहाड़े दोपहर करीब दो बजे हुई। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
मां आदिशक्ति मंदिर समिति सेक्टर-16 के अध्यक्ष एसके तोमर और महामंत्री एसके शर्मा ने थाना सिकंदरा में तहरीर दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी की पहचान स्थानीय लोगों ने ‘कालू’ नामक व्यक्ति के रूप में की। पीस अब आरोपी की तलाश में जुट गई है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, विगत 31 मार्च को अपराह्न करीब दो बजे एक व्यक्ति मंदिर में दाखिल हुआ और वहां से देवी मां की प्रतिमा पर लगा चांदी का छत्र, तांबे के नाग देवता तथा तांबे का एक लोटा चोरी कर ले गया। यह वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने तत्काल पुलिस को सूचित किया और 112 नंबर पर कॉल कर मदद मांगी।
मंदिर समिति ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि इससे पहले पिछले साल चार नवंबर को भी मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी हो गया था। उस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं। चोरी की घटनाओं से श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है।
______________________________________
Post a Comment
0 Comments