सुबह बड़ा हादसा: आईएसबीटी के निकट सड़क किनारे खड़े ईंटों से लदे ट्रक में घुसा दूसरा ट्रक, चालक, क्लीनर की मौत
आगरा, 02 अप्रैल। आगरा-दिल्ली राजमार्ग पर गुरुवार की सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो लोगों की जान चली गई। पुलिस और फायर ब्रिगेड के जवानों ने मौके पर पहुंच कर मृतकों के शवों को निकाला। यह हादसा आईएसबीटी और गुरुद्वारा गुरु के ताल के बीच हुआ।
मौके पर पहुंचे अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर ने बताया कि ईंटों से लदा एक ट्रक डीजल खत्म हो जाने के कारण सड़क किनारे खड़ा हो गया था। सुबह करीब छह बजे भगवान टॉकीज की तरफ से आ रहा एक अन्य ट्रक अपनी गति पर नियंत्रण नहीं रख पाया और खड़े ट्रक में जा घुसा। इस ट्रक में छह छह इंची मोटे लोहे के स्क्वायर क्यूब (गर्डरनुमा) लदे थे। ट्रक चालक द्वारा अचानक तेजी से ब्रेक लगाए जाने के कारण ये गर्डर इसी ट्रक के केबिन में जा घुसे और ट्रक के चालक और क्लीनर की उनकी चपेट में आने से मौत हो गई।
भीषण हादसे में ट्रक का केबिन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और चालक व क्लीनर अंदर ही फंस गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने यह हालत देखकर क्रेन मंगा ली और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंच कर कड़ी मशक्कत से केबिन काटकर चालक और क्लीनर को निकाला और अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
राहत और बचाव कार्य के दौरान एक अमानवीय पहलू भी सामने आया, पुलिस द्वारा जिला अस्पताल से मंगाई गई एंबुलेंस चालक और क्लीनर को केबिन से बाहर निकालने से पहले ही वहां से चली गई। इसके बाद पुनः कॉल कर एम्बुलेंस को बुलवाया गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने इस बारे में जिला चिकित्सा अधिकारी से शिकायत भी की।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments