दिग्गज सिने गायिका आशा भोसले का निधन
मुंबई, 12 अप्रैल। दिग्गज सिने गायिका आशा भोसले का रविवार को निधन हो गया। शनिवार को ही छाती में संक्रमण के कारण उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वे 92 वर्ष की थीं।
आशा भोसले के पुत्र आनंद भोसले ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि उनका अंतिम संस्कार सोमवार की शाम चार बजे किया जाएगा। आशा भोसले को राष्ट्रीय पुरस्कार, फिल्मफेयर अवॉर्ड, दादासाहेब फाल्के सम्मान और पद्म विभूषण जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों से नवाजा जा चुका था। उनकी गिनती दुनिया के सबसे ज्यादा गाने रिकॉर्ड करने वाले कलाकारों में भी की जाती है।
आशा भोसले के निधन की खबर आते ही सिने जगत में शोक की लहर है। सोशल मीडिया पर फैंस और सेलेब्स रिएक्शन देते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि निधन से कुछ घंटे पहले देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिग्गज गायिका के स्वस्थ होने की कामना की थी।
आशा भोसले का नाम भारतीय संगीत इतिहास में बेहद सम्मान के साथ लिया जाता है। उन्होंने अपने करियर में आठ दशकों से भी ज्यादा समय तक संगीत जगत में योगदान दिया। उन्होंने अपने करियर में तकरीबन 12 हजार से ज्यादा गाना गाए, जिनमें 'पिया तू अब तो आजा', 'दम मारो दम', 'ये मेरा दिल', 'चुरा लिया है तुमने', 'इन आंखों की मस्ती के', 'दिल चीज क्या है' जैसे सुपरहिट गाने शामिल हैं। उन्होंने गजल, भजन, पॉप और क्लासिकल हर शैली में अपनी आवाज का जादू बिखेरा। उन्होंने ओ.पी. नैयर, आर.डी. बर्मन और ए.आर. रहमान के साथ मिलकर कई यादगार गीत दिए।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments