सरकारी विभागों में किराए पर लगाने के नाम पर कारों को रख देते थे गिरवी!! दो अभियुक्त गिरफ्तार, 12 कारें बरामद

आगरा, 12 अप्रैल। थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने सरकारी विभागों में कार किराए पर लगाने के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवकों की निशानदेही पर 12 कारें भी बरामद की गईं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, गिरोह के सदस्य सरकारी विभागों में कार लगाने का झांसा देकर उसे किराए पर लेते थे। इसके बाद कागजों व पहचान पत्र में छेड़छाड़ करके गाड़ियों को गिरवी रख देते थे। आरोपी लोगों को 25 से 30 हजार रुपये महीना किराये का लालच देते थे। साथ ही कहते थे कि ड्राइवर और मेंटेनेंस की जिम्मेदारी भी वे खुद उठाएंगे। लेकिन हकीकत में वे गाड़ियों को गिरवी रखकर पैसा हड़प लेते थे। 
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने धीरज कुमार और हनुमन्त सिंह को अपनी गाड़ी किराए पर लगाने के लिए दी थी। शुरुआत में दोनों ने दो महीने तक किराया दिया, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया। जांच में सामने आया कि आरोपी इसी तरह कई लोगों को ठग चुके हैं। पुलिस तीसरे आरोपित की तलाश में जुटी हुई हैं। गिरफ्तार किए गए युवक यमुना पार इलाके के रहने वाले हैं। फरार युवक पुष्पेंद्र हाथरस के सैफऊ के गांव बैदई का रहने वाला है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मोबाइल फोन, दो आधार कार्ड की छायाप्रति, एक स्टाम्प पेपर, एक आधार कार्ड और एक कार बरामद की। इसके अलावा आरोपियों की निशानदेही पर 11 अन्य कार भी बरामद की गईं।
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments