हादसा: मध्य रात्रि में किनारी बाजार में चार मंजिला बिल्डिंग भरभरा कर ढही, पुलिस प्रशासन मौके पर, रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू
आगरा, 09 अप्रैल। पुराने शहर के व्यस्ततम कहे जाने वाले किनारी बाजार में गुरुवार की मध्य रात्रि करीब पौने बारह बजे चार मंजिला बिल्डिंग भरभरा कर ढह गई। गनीमत रही कि हादसे के समय बाजार बंद था और लोगों की आवाजाही न के बराबर थी, अन्यथा बड़ी जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था। यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो सका कि इस बिल्डिंग में कोई व्यक्ति मौजूद था या नहीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात में अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आस पास के लोग घरों से बाहर निकल आए। मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि पूरी बिल्डिंग मलबे में बदल चुकी थी। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। बिल्डिंग ढहने से किनारी बाजार की सड़क ब्लॉक हो गई।
एक क्षेत्रीय निवासी ने बताया कि धराशाई हुई बिल्डिंग बंसल ज्वैलर्स की थी। यह बिल्डिंग आगरा बर्तन भंडार के ठीक सामने और पंजाब बूट हाउस के बराबर में स्थित थी। क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस प्रशासन के समक्ष आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि यह बिल्डिंग काफी समय से जर्जर थी और इसे लेकर बिल्डिंग मालिक को आगाह भी किया गया था।
कुछ लोगों का आरोप है कि जर्जर बिल्डिंग में कुछ खुदाई या निर्माण कार्य चल रहा था। वास्तविकता जांच के बाद ही सामने आ सकती है। फिलहाल पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। यह पता लगाया जा रहा है कि कोई व्यक्ति मलबे में दब तो नहीं गया। बिल्डिंग मालिक भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस का कहना है कि यह बिल्डिंग लंबे समय से बंद पड़ी थी और जर्जर हालत में थी। यदि यह घटना दिन में होती, तो जान और माल दोनों का भारी नुकसान हो सकता था।
फिलहाल पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को घेरेबंदी कर सुरक्षित कर दिया है और मलबा हटाने का कार्य शुरू कराया जा रहा है।
______________________________________
Post a Comment
0 Comments