ट्रांस यमुना के चंद्रनगर स्थित फैक्ट्री में भीषण आग, अग्निशमन कर्मियों ने पहली मंजिल का दरवाजा तोड़कर पाया काबू, लाखों की क्षति

आगरा, 10 अप्रैल। ट्रांस यमुना क्षेत्र में फाउंड्री नगर के पीछे स्थित चंद्रनगर गुलाबनगर स्थित एक जूते के डिब्बे बनाने वाली फैक्ट्री में शुक्रवार की पूर्वाहन आग लग जाने से लाखों रुपये का माल और मशीनें जल गईं। फायर ब्रिगेड की पांच दमकलों और वाटर ब्राउजर ने दो घंटे के अथक प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। आग से किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
फायर स्टेशन संजय प्लेस के अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर ने बताया कि चंद्रनगर गुलाबनगर स्थित गणेश शर्मा की मां सरस्वती इंडस्ट्रीज नामक जूते के डिब्बे बनाने वाली फैक्ट्री में पूर्वाह्न 11 बजे आग लगने की सूचना मिली। तुरंत ही दमकलें मौके पर रवाना हो गईं। आग की भयावहता को देखते हुए संजय प्लेस फायर स्टेशन से तीन, ईदगाह से दो दमकलों को मौके पर बुला लिया गया और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए गए। 
बताया गया है कि आग फैक्ट्री के पिछले हिस्से में लगी और देखते ही देखते ऊपर की मंजिल तक फैल गई। फैक्ट्री में रखे डिब्बे बनाने के गत्ते, मशीनें, टिन शेड और लिफ्ट भी आग की चपेट में आ गई। दमकल कर्मियों को आग बुझाने के लिए सीढ़ी लगाकर पहली मंजिल का दरवाजा तोड़ना पड़ा। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। 
आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि फैक्ट्री के ठीक बगल में स्थित एक मकान की दीवार भी आग की गर्मी और दबाव के चलते गिर गई। इससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आग बुझाने वाली दमकल कर्मियों की टीम में श्याम सिंह, रामकेश, विवेक, राम लड़ैते यादव, गणेश, अंकुर, रविन्द्र और राजेंद्र आदि शामिल थे।
एफएसओ सोमदत्त सोनकर ने बताया कि फैक्ट्री में अग्निशमन के पर्याप्त उपकरण नहीं थे। यह फैक्ट्री बिना एनओसी के संचालित की जा रही थी। अब प्रशासन और फायर विभाग की टीम जांच में जुट गई है।
__________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments