Agra News: खबरें आगरा की.....
100 से अधिक मरीजों ने नि:शुल्क परामर्श
आगरा, 16 अप्रैल। पंडित दीनदयाल उपाध्याय फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा गुरुवार को केंद्रीय हिंदी संस्थान रोड खंदारी स्थित मंगल कामना हॉस्पिटल में निशुल्क स्वास्थ्य एवं निशुल्क आयुष्मान कार्ड शिविर लगाया गया। शिविर में किडनी रोग से संबंधित बीमारियों के लिए 100 से अधिक मरीजों ने नि:शुल्क परामर्श लिया और 50 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों ने नि:शुल्क आयुष्मान कार्ड बनवाए।
वरिष्ठ न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. शेखर वाजपेयी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय फाउंडेशन ट्रस्ट के संस्थापक सचिव विवेक पाठक ने शिविर का शुभारंभ किया। यूरोलॉजिस्ट डॉ. विनायक वाजपेयी ने मरीजों को नि:शुल्क परामर्श प्रदान किया। सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड एवं एक्सरे पर 30 फीसदी एवं सभी पैथोलॉजी जाँचों पर 50 फीसदी छूट के साथ दवाइयाँ भी रियायती दर पर प्रदान की गईं।
कोषाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, डॉ. निशा शर्मा, डॉ. शिवानी गुप्ता, अभिषेक पाठक, प्रतिभा जिंदल, डॉ. सतीश खिरवार, राजेश चतुर्वेदी, सोहम चतुर्वेदी, आशुतोष श्रोत्रिय एडवोकेट और प्रमोद अग्रवाल मौजूद रहे।
________________________________________
कंगना रनौत मामले में निर्णय 30 तक टला
आगरा, 16 अप्रैल। हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से भाजपा सांसद और फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ चल रहे मामले में गुरुवार को कोई फैसला नहीं हो सका। आगरा की स्पेशल कोर्ट (MP-MLA) के न्यायाधीश अनुज कुमार सिंह ने संज्ञान आदेश के लिए अब 30 अप्रैल की नई तिथि निर्धारित की है।
विगत 3 अप्रैल को दोनों पक्षों की ओर से लिखित और मौखिक बहस पूरी कर ली गई थी। कोर्ट ने दलीलों को सुनने के बाद 16 अप्रैल की तारीख संज्ञान पर आदेश सुनाने के लिए तय की थी। अपरिहार्य कारणों से आदेश जारी नहीं हो सका, जिसके चलते अदालत ने अगली तारीख नियत कर दी।
यह मामला कंगना रनौत द्वारा दिए गए कुछ पुराने विवादित बयानों से संबंधित है, जिस पर वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने आपत्ति जताते हुए कानूनी कार्यवाही की मांग की है।
________________________________________
संगठन विस्तार को लेकर आप की बैठक
आगरा, 16 अप्रैल। आम आदमी पार्टी द्वारा ‘रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा के समापन के बाद अब संगठन को और मजबूत करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में हुई बैठक में संगठन विस्तार को लेकर विस्तृत रणनीति प्रदेश के सहप्रभारी और दिल्ली विधायक विशेष रवि की उपस्थिति में तैयार की गई।
बैठक में विधायक विशेष रवि ने कहा कि संगठन विस्तार के लिए ‘घर-घर सदस्यता, बूथ-बूथ संगठन अभियान’ चलाया जाएगा, जिसके तहत हर जिले, हर ब्लॉक और हर बूथ तक संगठन को सक्रिय किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने कहा की पूरी यात्रा में जनता का अभूतपूर्व सहयोग मिला एवं आम आदमी पार्टी को लोग उत्तर प्रदेश में विकल्प के रूप में देख रहे हैं।
बैठक में ब्रज प्रांत के उपाध्यक्ष अश्वनी मिश्रा, नूर सिद्दीकी, कोषाध्यक्ष संजय राजपूत एवं सभी जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, महसचिव अन्य प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। व्यवस्थाएं कोषाध्यक्ष संजय राजपूत ने संभाली।
________________________________________
विधायक ने की माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
आगरा। शहर में आवास विकास कॊलोनी स्थित भगवान परशुराम चौक पर हुई निंदनीय घटना के मामले में क्षेत्रीय विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिशों वाली ऐसी घटनाओं पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।
विधायक खंडेलवाल ने इस मामले में पुलिस आयुक्त दीपक कुमार से बात की। उन्होंने कहा कि बीते मंगलवार को कुछ अवांछनीय तत्वों ने परशुराम चौक जिस तरह की अमर्यादित हरकत की, वह सर्वथा निंदनीय है और पुलिस प्रशासन इसके दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करे ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी हरकत कर शहर के सामाजिक सद्भाव को खराब करने का दुस्साहस न कर सके।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं न केवल सामाजिक सौहार्द को आहत करती हैं, बल्कि धार्मिक भावनाओं को भी ठेस पहुंचाती हैं। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वह त्वरित कार्रवाई कर कानून-व्यवस्था को सख्ती से बनाए रखे।
________________________________________
डीईआई में हुई तरबूज़े और ख़रबूज़े से बने उत्पादों की अंतर संकाय प्रतियोगिता
आगरा, 16 अप्रैल। दयालबाग शिक्षण संस्थान के गृह विज्ञान विभाग के बेचलर ऑफ़ वोकेशनल कोर्स-फ़ूड प्रोसेसिंग एंड प्रिजर्वेशन अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा मौसमी फल तरबूज़े और ख़रबूज़े से बने उत्पादों की अंतर संकाय प्रतियोगिता का आयोजन गुरुवार को यूनिवर्सिटी परिसर में किया गया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विभिन्न संकाय के विद्यार्थियों की सामूहिक गतिविधि और आपसी सहयोग को बढ़ाने के साथ-साथ फल सब्ज़ियों मैं वैल्यू एडिशन करना व मौसमी फल तरबूज़े और ख़रबूज़े की सर्व विदित गुणवत्ता एवं उसके स्वास्थ्य के लिए लाभदायक गुणों को सभी के बीच लोकप्रिय बनाना था। विभिन्न संकायों की करीब 55 प्रतिस्पर्धी टीमों के अंतर्गत 90 छात्र छात्राओं ने भाग लिया। निर्णायक मंडल- स्नेह बिजलानी, प्रोफेसर गुल माथुर और प्रोफेसर विभा सत्संगी द्वारा उत्पादों का मूल्यांकन किया गया।
________________________________________
शिक्षा और अनुशासन का महत्व बताया
आगरा, 16 अप्रैल। सेंट पीटर्स कॉलेज में गुरुवार को हुए सेमिनार में स्टूडेंट्स और उनके अभिभावकों को शिक्षा और अनुशासन का महत्व बताया गया।
यह सेमिनार विज्ञान व कॉमर्स में प्रवेश करने वाले कक्षा 11 के छात्रों के अभिभावकों के लिए था। प्रधानाचार्य एल्विन पिंटो ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए बताया कि किस तरह से शिक्षक, अभिभावक, स्कूल व छात्र अपनी-अपनी जिम्मेदारी निभाकर एक उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकते हैं।
उन्होंने पावर प्वाइंट प्रजेंटेंशन के माध्यम से बच्चों को पाठ्येतर गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का प्रोत्साहित किया। उन्होंने बच्चों को रोज स्कूल आने के लिए भी प्रेरित किया।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments