आगरा, 13 अप्रैल। फिल्म निर्माता रंजीत सामा की कंपनी आरए मूवीज आगरा कालेज के 203 वर्ष के गौरवपूर्ण इतिहास पर एक घंटे की डॉक्यूमेन्ट्री बनाने जा रही है। इस डॉक्यूमेन्ट्री के निर्माण की शुरुआत कॉलेज परिसर में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री और आगरा दक्षिण से विधायक योगेंद्र उपाध्याय ने गणेश पूजन के बाद क्लैप देकर व श्रीफल फोड़कर की।
कार्यक्रम में रंजीत सामा ने बताया कि वर्ष 1823 में स्थापित आगरा कालेज के लिए प्राप्त जमीन, बनाने में आने वाला खर्चा, यहां से शिक्षा प्राप्त करने वाले देश के जाने माने चेहरे, शैक्षिक व्यवस्था सहित सम्पूर्ण जानकारी होगी। यहां 18 हजार से अधिक विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। ज्वलंत विषयों भूगोल, खगोल, ज्योतिष शास्त्र और गणित की शिक्षा के साथ प्रारम्भ हुआ आगरा कालेज हर विषय की शिक्षा प्रदान कर रहा है। 
उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि आगरा कालेज लगभग दो शताब्दियों से अधिक समय से राष्ट्र निर्माण की प्रयोगशाला रहा है, जिसने भारत के बौद्धिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक इतिहास को दिशा दी। वह खुद भी आगरा कालेज के छात्र रहे हैं। 
कालेज के प्राचार्य सीके गौतम ने बताया कि वर्ष 1796 में ग्वालियर के राजा दौलतराम सिंधिया ने आगरा और अलीगढ़ क्षेत्र में शिक्षा के प्रसार के लिए बिहार के रहने वाले शिवभक्त व ग्वालियर राजघराने के कुलपुरोहित पं. गंगाधर शास्त्री को आगरा, चौमुंहा और इगलास की तीन जागीरें दी थीं। 1813 में पंडित जी के निधन के बाद जमीन को लेकर वारिसों में विवाद हो गया। मामला अलीगढ़ कलेक्टर के पास पहुंचा, जिसमें जमीन का एक चौथाई भाग पंडित जी के वारिसों व तीन चौथाई भाग आमजन की भलाई के लिए निश्चित किया। इसी क्रम में 1823 में यहां आगरा कालेज की स्थापना की गई।
कालेज के उप प्राचार्य पीबी झा ने बताया कि कालेज के प्रमुख प्राचार्यों में आज भी टीसी जॉन्स, केसी मेहता, एम रे, डब्ल्यू एंडरसन, एसएन दुबे, मुख्तियार सिंह के नाम याद किए जाते हैं। 
फिल्म के लेखक व निर्देशक हेमन्त वर्मा है। फिल्म के मूहूर्त के साथ फिल्म का गाना- संस्थान नहीं है केवल ये, इतिहास की एक धरोहर है, देश की गौरवमयी शिक्षा का अद्भुत ज्ञान सरोवर है... भी रिलीज किया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से विजय सामा, प्रमोद वर्मा, सतेन्द्र तिवारी, ब्रजेश चंद्रा, संजय दुबे व कालेज के शिक्षक आदि उपस्थित थे।
_________________________________________