किनारी बाजार के सर्राफ से सत्रह लाख की ठगी, चांदी की पायल मंगाकर बदले में भेज दी गिलट
आगरा, 28 मार्च। थाना कोतवाली के अंतर्गत किनारी बाजार के एक सर्राफ को सत्रह लाख रुपये की चपत लग गई है। एक हाईटेक ठग ने खुद को सर्राफ बताकर व्हाट्सएप के जरिए ऑर्डर दिया, फर्जी विजिटिंग कार्ड भेजा और करीब 11 किलो चांदी की पायल मंगवाकर गायब हो गया। बदले में उसने नकली चांदी (गिलट) भेज दी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी ने किनारी बाजार के रस्तोगी ज्वैलर्स के संचालक शगुन रस्तोगी का भरोसा जीतने के लिए फर्जी विजिटिंग कार्ड भी भेजा। ठग ने ठोस चांदी के बदले पायल खरीदने की बात कही थी। आरोपी ने 11 किलो चांदी की पायल मंगवाई, जिसकी कीमत लगभग 17 लाख रुपये बताई जा रही है। पायल की डिलीवरी के बाद ठग द्वारा कथित तौर पर भेजी गई चांदी का पैकेट जब ज्वेलर्स ने खोला तो उसमें असली चांदी की जगह नकली (गिलट) माल निकला।
प्राथमिक जांच में इस ठगी का तार गोरखपुर और बलरामपुर से जुड़ा सामने आया है। पुलिस को आशंका है कि यह कोई संगठित गिरोह है, जो अलग-अलग शहरों के व्यापारियों को निशाना बना रहा है। जिस नाम और पहचान से आरोपी ने ऑर्डर दिया था, उस असली सर्राफ ने इस लेन-देन से साफ इनकार कर दिया। पूरे मामले में माल की डिलीवरी कराने वाली लॉजिस्टिक कंपनी की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कहीं अंदरूनी मिलीभगत तो नहीं थी।
पीड़ित ज्वैलर्स की तहरीर पर थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है और जल्द ही बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments