नगर निगम के प्रवेश द्वारों पर तैनात होंगे गार्ड, लगेंगे सीसीटीवी कैमरे, हर व्यक्ति की एंट्री का रिकॉर्ड रखा जाएगा, कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए आईडी कार्ड अनिवार्य

आगरा, 28 मार्च। नगर निगम परिसर में नई व्यवस्था लागू की जा रही है। यहां सभी प्रवेशद्वारों पर सिक्योरिटी गार्डों की तैनाती की जाएगी। लोगों को कार्यालय में प्रवेश से पहले आने का कारण बताना होगा। सुरक्षा मजबूत करने के लिए परिसर के सभी गेट, मुख्य भवन, कार्यालयों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के लिए एक कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जहां से 24 घंटे मॉनिटरिंग होगी। कार्यालय आने वालों का पूरा विवरण रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा, जिसे भविष्य में डिजिटल किया जाएगा। हर व्यक्ति की एंट्री का रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए भी आईडी कार्ड अनिवार्य किए जाएंगे, जिससे उनकी पहचान हो सकेगी। 
अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने मीडिया को बताया कि सोमवार से सुरक्षा कड़ी कर दी जाएगी। किसी भी प्रकार की अनधिकृत गतिविधि, दलाली या कर्मचारियों पर दबाव बनाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम प्रशासन के अनुसार, विरोध-प्रदर्शन के लिए जिला प्रशासन ने शहीद स्मारक, संजय प्लेस को चिह्नित किया है।
गौरतलब है कि पिछले दिनों महापौर द्वारा बुलाए गए सदन के दौरान कुछ अज्ञात लोगों के भी आने के आरोप लगे थे। नगर निगम के केयर टेकर ने इस बारे में थाना हरिपर्वत में तहरीर भी दी थी, लेकिन अगले ही दिन इन लोगों के सामने आकर अपना परिचय देने पर केयर टेकर ने अपनी तहरीर वापस ले ली थी।
कहा जा रहा है कि भविष्य में किसी भी कारण माहाैल न बिगड़े इसलिए सिक्योरिटी गार्ड तैनात करने का निर्णय लिया गया है।__________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments