अगले वर्ष पुनः चैम्बर का चुनाव लड़ सकते हैं मनोज गुप्ता!!
आगरा, 14 मार्च। नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स यूपी के शनिवार को संपन्न हुए चुनावों में अध्यक्ष पद पर मात्र 19 वोटों से हारने वाले मनोज गुप्ता ने कहा है कि वे अगले वर्ष पुनः चुनाव लड़ सकते हैं।
मनोज गुप्ता ने अग्रवन में चुनाव परिणामों की घोषणा होने के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज बंसल को बधाई दी और कहा कि चुनाव में किसी एक की जीत और दूसरे की हार होती है। उन्होंने अपनी हार को खेल भावना से लिया। उन्होंने कहा कि उनके हितैषियों ने उनसे अगले वर्ष फिर से नई ऊर्जा के साथ चुनाव मैदान में लौटने के लिए कहा है, इस पर मनन करने के बाद वे पुनः चुनाव लड़ने का निर्णय ले सकते हैं। उन्होंने इस बार चुनाव में सहयोग देने वाले सभी मतदाताओं और वरिष्ठ सदस्यों का आभार जताया।
चैंबर के उपाध्यक्ष पद पर पराजित प्रत्याशी गिरीश गोयल ने भी सभी मतदाताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
इस बीच पता चला है कि मनोज गुप्ता ने चुनाव समिति को शिकायती पत्र देकर पर्ची जारी किए जाने वाले रजिस्टरों की गहन जांच की मांग की है। उनका कहना था कि मतदान से पूर्व कुल 1111 मतदाताओं को पर्चियां जारी हुईं, जबकि वोट 1102 पड़े। इनमें भी कुछ लोगों द्वारा फर्जी तरीके से पर्चियां लेकर वोट डाले जाने की आशंका है, इसकी गहनता से जांच होनी चाहिए।
उधर मनोज बंसल की जीत को कुछ पूर्व अध्यक्ष अपनी जीत मान रहे हैं। दावा किया गया था कि अधिकांश पूर्व अध्यक्ष मनोज बंसल के समर्थन में थे। वहीं मनोज गुप्ता का समर्थन कर रहे पूर्व अध्यक्षों को इस बात पर संतोष है कि उनके समर्थित प्रत्याशी ने कड़ी टक्कर दी और बेहद कम अंतर से हार-जीत हुई।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments