राधामोहन साड़ी सेंटर और मकान में आग, लाखों की क्षति
आगरा, 31 मार्च। थाना ताजगंज क्षेत्र में राठौर मंदिर के पास तुलसी चबूतरा के पीछे बस्ती में मंगलवार की सुबह एक घर में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग में घर के भीतर रखा सामान और घर के बाहर स्थित दुकान ‘राधामोहन साड़ी सेंटर’ भी भेंट चढ़ गई। यह दुकान परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा थी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित परिवार बेहद साधारण आर्थिक स्थिति वाला है। परिवार का पालन सनी नामक दुकानदार करता है, जो वर्षों से साड़ी का छोटा कारोबार कर अपने घर का खर्च चला रहा था। सुबह जैसे ही घर से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं, लोगों में हड़कंप मच गया। बस्ती के लोग तुरंत मौके पर जुटे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। फायर ब्रिगेड को भी सूचना दे दी गई।
फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और दमकलकर्मियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बताया गया है कि पीड़ित परिवार की दुकान में करीब चार से पांच लाख रुपये का साड़ी का माल रखा हुआ था। इसके अलावा दुकान में नकद रकम भी मौजूद थी, जो आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गई।
गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। आग के दौरान घर में मौजूद लोग समय रहते बाहर निकल आए।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments