युवती से दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, आजिज आई पीड़िता न्यू आगरा पुलिस की शरण में

आगरा, 30 मार्च। थाना न्यू आगरा में एक 18 वर्षीय युवती ने अपने परिचित युवक पर के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली जैसे गम्भीर आरोप लगाए हुए तहरीर दी है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर उसकी अस्मत लूटी, फिर पूरी घटना का वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करता रहा। आरोपी ने युवती से कई बार 10-10 हजार रुपये भी ऐंठे।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, थाने में दी गई तहरीर में कहा गया है कि आरोपी लक्ष्मण युवती का परिचित था और इसी का फायदा उठाकर उसने योजनाबद्ध तरीके से युवती को नशीला पदार्थ पिला दिया, जिससे वह विरोध करने की स्थिति में नहीं रही। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया। घटना के बाद आरोपी ने वीडियो को हथियार बनाकर उसे लगातार ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। वह बार-बार वीडियो वायरल करने, बदनाम करने और सोशल मीडिया पर भेजने की धमकी देता रहा। डर और सामाजिक बदनामी के भय से पीड़िता लंबे समय तक चुप रही, लेकिन आरोपी की हिम्मत इतनी बढ़ गई कि उसने युवती से कई बार 10-10 हजार रुपये वसूल लिए।
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने रुपये देने से मना किया या विरोध किया, तो आरोपी ने कहा कि वह वीडियो को इंस्टाग्राम के जरिए उसके ससुराल पक्ष को भेज देगा, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा और पारिवारिक जीवन बर्बाद हो जाएगा। 
लगातार ब्लैकमेल, आर्थिक शोषण से परेशान होकर पीड़िता ने साहस जुटाया और थाना न्यू आगरा में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने आरोपी लक्ष्मण के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर में लगाए गए आरोपों की हर बिंदु पर जांच की जा रही है। डिजिटल साक्ष्य, कथित वीडियो, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किए गए कंटेंट और पैसों के लेनदेन की भी पड़ताल की जाएगी। आरोप सही पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
__________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments