विदा होते चैंबर अध्यक्ष का बड़ा दावा, उद्योगों पर गैस आपूर्ति का संकट टलवाया, गिनाई साल भर की गतिविधियां, जीएसटी घटी
आगरा, 31 मार्च। नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स यूपी के अध्यक्ष संजय गोयल ने मंगलवार को अपने कार्यकाल के अंतिम दिन सालभर की गतिविधियों का ब्यौरा मीडिया के समक्ष रखा। साथ ही उद्योगों को गैस आपूर्ति मामले में बड़ी राहत दिलाने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि गेल गैस कंपनी ने चैंबर की महत्वपूर्ण मांग मान ली है, जिससे उद्योगों के संचालन पर आया संकट टल गया है।
जीवनी मंडी स्थित नेशनल चैम्बर सभागार में प्रेस वार्ता करते हुए चैम्बर अध्यक्ष ने कहा कि पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण गेल गैस कंपनी के गैस कटौती और बिलिंग के तरीके के नए आदेश को लेकर उद्यमियों में हड़कम्प था। पिछले दिनों चैंबर में गेल के अधिकारियों के साथ बैठक कर उद्यमियों ने चिंता जताई थी कि नए आदेश से गैस आधारित उद्योगों का संचालन मुश्किल हो जाएगा। इसके बाद सोमवार की सायं केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय के अधिकारियों और गेल गैस कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों से पुनः बात कर हालात की गम्भीरता बताई गई।
प्रेस वार्ता में मौजूद गेल गैस प्रकोष्ठ के चेयरमैन और नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज बंसल ने बताया कि केंद्रीय अधिकारियों ने उद्योगों पर संकट को समझते हुए ई-मेल जारी कर दिया कि यूपीएम गैस की खपत की गणना मौजूदा प्रक्रिया के साथ की जाएगी साथ ही बिलिंग भी मौजूदा प्रक्रिया के तहत ही होगी। उन्होंने कहा कि हालांकि यह ई-मेल फिरोजाबाद के उद्यमियों को भेजा गया है, लेकिन माना जा रहा है कि यह निर्णय आगरा के उद्योगों पर भी लागू होगा। वास्तविक स्थिति भी एक-दो दिन में नए बिल आने पर स्पष्ट हो जाएगी।
संजय गोयल और मनोज बंसल ने बताया कि फिरोजाबाद और आगरा के उद्यमियों को 14 लाख घन मीटर गैस की आपूर्ति होती है, इसमें से बमुश्किल तीन प्रतिशत आगरा की हिस्सेदारी है। गेल ने हाल ही में नियमों में बदलाव करते हुए आगरा के उद्यमियों से गैस की 55 प्रतिशत ही खपत करने और प्रतिदिन के आधार पर बिलिंग करने की बात कही थी। आगरा के उद्यमियों की परेशानी है कि उनके यहां रोजाना की बजाए सप्ताह में एक या दो बार ही गैस की खपत होती है, इससे रोजाना बिलिंग संभव नहीं है और खपत वाले दिन प्रतिशत भी बढ़ेगी तो गेल गैस कंपनी उस पर आपत्ति करेगी। सोमवार की सायं केंद्रीय अधिकारियों के समक्ष यह स्थिति रखी गई तो उन्होंने मौजूदा खपत और बिलिंग को जारी रखने पर सहमति जता दी।
युवाओं को जिम्मेदार बनाने में मदद करें बुजुर्ग सदस्य
चैंबर अध्यक्ष संजय गोयल ने साल भर के कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए इन्हें स्मरणीय बताया। उन्होंने कहा कि सभी युवा और बुजुर्ग साथियों का सहयोग मिलता रहा। गोयल ने युवा साथियों से चैंबर के उत्थान के लिए और अधिक सक्रिय होने और बुजुर्ग साथियों से संरक्षक की भूमिका अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग सदस्यों को अपनी सक्रियता से अधिक अपने अनुभवों का इस्तेमाल युवाओं को जिम्मेदार बनाने में करना चाहिए।
साथ ही उन्होंने नए और पुराने अध्यक्ष के बीच बेहतर तालमेल पर भी जोर दिया। कहा, कि हर निवर्तमान अध्यक्ष को नवागत अध्यक्ष को अपने कार्यकाल में किए गए प्रयासों के बारे में विस्तार से बताना चाहिए, जिससे उन्हें और आगे बढ़ाया जा सके।
25 लाख की सावधि जमा, 228 नए सदस्य, जीएसटी घटी
अध्यक्ष संजय गोयल, उपाध्यक्ष संजय कुमार गोयल और कोषाध्यक्ष संजय अग्रवाल ने साल भर की गतिविधियां बताते हुए कहा कि इस साल 25 लाख रुपये की सावधि जमा कराई गई, 228 नए सदस्यों को जोड़ा गया। टीटीजेड में उद्योगों की स्थिति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया। मुख्यमंत्री ने सुप्रीम कोर्ट में प्रभावी पैरवी का आश्वासन दिया। आईटी इंडस्ट्री, पर्यटन विकास सहित कई मांगें भी रखी गई। अग्निशमन संबंधी अनापत्ति प्राप्त करने की प्रक्रिया का सरलीकरण कराया गया। राज्यपाल को आगरा आमंत्रित कर उनके समक्ष विधि विश्व विद्यालय की स्थापना और फिल्म सिटी की मांग रखी गई। डीजल इंजन पर जीएसटी कम कराने के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री से मुलाकात की गई। उन्होंने इस मांग को स्वीकार भी किया। इसके अलावा साल भर केंद्र और राज्य के विभिन्न मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर उद्योग-व्यापार की समस्याओं को पुरजोर तरीके से उठाया गया। विभिन्न विषयों पर वर्षभर सेमिनार और बैठकें कर समस्याओं के निराकरण के प्रयास किए गए।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments