बढ़ने के बजाय घट गई आगरा से फ्लाइटों की संख्या, समर शेड्यूल में अहमदाबाद सेवा को स्थान नहीं, नवी मुंबई जाएगी अब मुंबई फ्लाइट
आगरा, 26 मार्च। एयरलाइंस कंपनी इंडिगो ने अपने समर शेड्यूल में एक बार फिर विमान सेवाओं में कटौती कर दी है। इंडिगो की आगरा से अहमदाबाद जाने-आने वाली फ्लाइट 29 मार्च के बाद बंद हो जाएगी। वहीं, मुंबई फ्लाइट अब नवी मुंबई से आगरा के लिए और आगरा से नवी मुंबई के लिए उड़ान भरा करेगी।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इंडिगो अभी तक ताजनगरी से चार शहरों हैदराबाद, मुंबई, अहमदाबाद और बेंगलुरू के लिए विमान सेवाएं संचालित कर रही है, लेकिन 29 मार्च से 24 अक्टूबर तक के लिए जारी समर शेड्यूल में इन सेवाओं को तीन शहरों हैदराबाद, मुंबई और बेंगलुरू तक सीमित कर दिया गया है।
इंडिगो की अहमदाबाद फ्लाइट इस सीजन में 29 मार्च को आखिरी बार आगरा आएगी और आगरा से अहमदाबाद के लिए उड़ान भरेगी। लखनऊ, भोपाल, जयपुर व दिल्ली के लिए चलने वाली फ्लाइटें पहले ही बंद हो चुकी हैं।
खेरिया एयरपोर्ट के निदेशक विवेक शर्मा ने मीडिया से बातचीत में इसकी पुष्टि की। उन्होंने कहा, इंडिगो की अहमदाबाद फ्लाइट 29 मार्च के बाद बंद हो जाएगी। अन्य तीनों फ्लाइट जारी रहेंगी। मुंबई फ्लाइट मुंबई के बजाय नवी मुंबई से उड़ान भरा करेगी।
गौरतलब है कि आगरा की एयर कनेक्टिविटी को गोवा, चेन्नई, कोलकाता, दिल्ली समेत अन्य शहरों से फ्लाइट शुरू करने की मांग विभिन्न मंचों से उठती रही है। नई फ्लाइट शुरू होने की बजाय आगरा-अहमदाबाद फ्लाइट 29 मार्च के बाद बंद होने जा रही है।
नए शेड्यूल के अनुसार, मुंबई फ्लाइट 31 मार्च से सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार को रविवार को उड़ान भरेगी। यह फ्लाइट दोपहर 1:55 बजे नवी मुंबई से आगरा आएगी और यहां से दोपहर 2:35 बजे नवी मुंबई को उड़ान भरेगी। बेंगलुरू फ्लाइट 29 मार्च से सप्ताह के सातों दिन उड़ान भरेगी। यह दोपहर 3:10 बजे आगरा आया करेगी और यहां 3:45 बजे वापस बेंगलुरू के लिए उड़ान भरेगी। हैदराबाद फ्लाइट 31 मार्च से सप्ताह में चार दिन मंगलवार, बुधवार, गुरुवार और रविवार को उड़ान भरेगी। दोपहर 12:40 बजे यह आगरा आएगी और 1:25 बजे हैदराबाद के लिए वापस उड़ान भरेगी।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments